Left Post

Type Here to Get Search Results !
Responsive Image
LIVE

चार दिन में चोरी की ट्रैक्टर बरामद, पहचान छिपाने को डाला हटाकर लगाया रोटावेटर

सुबोध सिंह क्राइम रिपोर्टर ,बांका ,बिहार

चार दिन में चोरी की ट्रैक्टर बरामद, पहचान छिपाने को डाला हटाकर लगाया रोटावेटर

बांका जिले के फुल्लीडुमर थाना क्षेत्र के कुमारपुर गांव से चोरी हुई ट्रैक्टर को पुलिस ने महज चार दिनों के भीतर शंभूगंज थाना क्षेत्र के प्रतापपुर गांव से बरामद कर बड़ी सफलता हासिल की है। चोरी के बाद वाहन की पहचान छिपाने के उद्देश्य से ट्रैक्टर से डाला हटाकर उसमें रोटावेटर लगा दिया गया था। इतना ही नहीं, उससे खेत की जुताई भी कराई जा रही थी।

जानकारी के अनुसार, सोमवार को शंभूगंज पुलिस ने प्रतापपुर गांव में नीरज पासवान के घर के समीप छापेमारी कर ट्रैक्टर बरामद किया। बरामद वाहन में रोटावेटर लगा हुआ था, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि चोर चोरी के ट्रैक्टर का उपयोग कृषि कार्य में कर रहे थे, ताकि किसी को संदेह न हो।

फुल्लीडुमर थानाध्यक्ष गुलशन कुमार ने बताया कि दो दिन पूर्व कुमारपुर गांव निवासी नवल किशोर साह के दरवाजे से डाला लगी ट्रैक्टर चोरी हो गई थी। घटना के बाद अज्ञात चोरों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई थी। तकनीकी और स्थानीय स्तर पर की गई पड़ताल के दौरान ट्रैक्टर की लोकेशन शंभूगंज थाना क्षेत्र में मिली। इसके बाद शंभूगंज पुलिस के सहयोग से संयुक्त छापेमारी कर प्रतापपुर गांव से वाहन बरामद कर लिया गया।

शंभूगंज थानाध्यक्ष राजकुमार प्रसाद ने बताया कि आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बरामद ट्रैक्टर को फुल्लीडुमर पुलिस के हवाले कर दिया गया है। चोरी की वारदात में शामिल आरोपितों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

गौरतलब है कि शंभूगंज एवं आसपास के क्षेत्रों में ट्रैक्टर चोरी की घटनाएं समय-समय पर सामने आती रही हैं। इससे पहले भरतशिला गांव से भी मुंगेर पुलिस ने चोरी की एक ट्रैक्टर बरामद की थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से किसानों में चिंता बढ़ रही है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से वाहन चोर गिरोह पर कड़ी कार्रवाई करने और ग्रामीण क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Design by - Blogger Templates |