सुबोध सिंह क्राइम रिपोर्टर, बांका ,बिहार
कीर्तन में भोजपुरी गीत की फरमाइश पर बवाल, एक आरोपित गिरफ्तार, दूसरा फरार
बांका जिले के शंभूगंज थाना क्षेत्र के करसंडा गांव में श्राद्धकर्म के समापन पर आयोजित भजन-कीर्तन कार्यक्रम के दौरान भोजपुरी गीत की फरमाइश को लेकर हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। वहीं दूसरे आरोपित की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
थानाध्यक्ष राजकुमार प्रसाद ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित की पहचान विशनपुर गांव निवासी धीरज कुमार के रूप में हुई है। जबकि इस मामले का दूसरा आरोपित सूरज कुमार अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि घटना स्थल से धीरज कुमार की कार के साथ एक शराब की खाली बोतल भी बरामद हुई है। इस बिंदु को भी जांच में शामिल किया गया है और पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से पड़ताल कर रही है।
जानकारी के अनुसार, करसंडा गांव के स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय चंद्रदेव शर्मा के श्राद्धकर्म के समापन पर मृतात्मा की शांति के लिए भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया था। इसी दौरान विशनपुर निवासी धीरज कुमार एवं उसके साले सूरज कुमार ने भोजपुरी गीत बजाने की फरमाइश की। इसे लेकर विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई।
मारपीट की इस घटना में रामबालक उर्फ कारेलाल शर्मा, धीरज कुमार सहित आधा दर्जन लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल रामबालक शर्मा का इलाज भागलपुर स्थित मायागंज अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद करसंडा और विशनपुर गांव के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि गांव की स्थिति पर पुलिस लगातार नजर बनाए हुए है तथा शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मामले में शामिल अन्य आरोपितों की भी जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।
.png)




