प्रीतम सुमन ब्यूरो रिपोर्ट ,बांका (बिहार)
बिजली के करंट की चपेट में आकर मिष्ठान दुकानदार बेहोश, हालत खतरे से बाहर
बांका जिले के अमरपुर प्रखंड के इंगलिशमोड़ चौक पर शुक्रवार की संध्या बिजली के करंट की चपेट में आने से एक मिष्ठान दुकानदार बेहोश हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की तत्परता से युवक को तत्काल अमरपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर उसकी जान बचाई।
जानकारी के अनुसार, घायल युवक इंगलिश गांव निवासी उदय राय इंगलिशमोड़ चौक पर मिष्ठान की दुकान चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। युवक ने अस्पताल में बताया कि शुक्रवार की शाम वह अपनी दुकान में चूल्हे के पास पंखा लगाने का काम कर रहा था। इसी दौरान वह विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में आ गया, जिससे उसे जोरदार करंट लगा और वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा।
घटना को देख आसपास मौजूद लोगों ने बिना देर किए उसे सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और इलाज के लिए रेफरल अस्पताल ले गए। अस्पताल में डॉ. पंकज कुमार ने घायल का प्राथमिक उपचार किया।
डॉ. पंकज कुमार ने बताया कि समय पर अस्पताल पहुंच जाने के कारण युवक की स्थिति नियंत्रण में है और फिलहाल वह खतरे से बाहर है। घटना के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली।
स्थानीय लोगों ने दुकानों और बाजार क्षेत्रों में खुले या असुरक्षित विद्युत तारों की नियमित जांच कराने तथा बिजली से जुड़े कार्य करते समय आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
.png)



