सुबोध सिंह क्राइम रिपोर्टर ,बांका (बिहार)
सीएसपी संचालक पर 30 हजार रुपये की अवैध निकासी का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
बांका जिले के शंभूगंज थाना क्षेत्र के करहरिया गांव स्थित एक ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) संचालक पर सड़क निर्माण कंपनी के एक कर्मी के बैंक खाते से 30 हजार रुपये की अवैध निकासी करने का आरोप लगा है। मामले की जानकारी बैंक पासबुक अपडेट कराने के बाद हुई।
पीड़ित ने शंभूगंज थाना पहुंचकर लिखित शिकायत देते हुए आरोपी सीएसपी संचालक के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार कटिहार जिले के डिगी गांव निवासी सत्यनारायण चौहान, पिता श्रीपूजन चौहान, ट्राई लाइन कंस्ट्रक्शन कंपनी में कार्यरत हैं। कंपनी शंभूगंज क्षेत्र में सड़क निर्माण का कार्य करा रही है। इसी दौरान सत्यनारायण चौहान अपने बैंक खाते से रुपये निकालने के लिए करहरिया गांव स्थित एक सीएसपी केंद्र पहुंचे।
पीड़ित का आरोप है कि सीएसपी संचालक ने केंद्र में नकदी नहीं होने की बात कहते हुए तीन अलग-अलग दिनों में बायोमेट्रिक मशीन पर उनका अंगूठा लगवा लिया। हर बार उन्हें यह कहकर लौटा दिया गया कि पैसे उपलब्ध नहीं हैं। बाद में जब उन्होंने अपना बैंक पासबुक अपडेट कराया तो पता चला कि उनके खाते से कुल 30 हजार रुपये की निकासी पहले ही की जा चुकी है, जबकि उन्हें कोई राशि नहीं मिली थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद सत्यनारायण चौहान शंभूगंज थाना पहुंचे और करहरिया गांव के संबंधित सीएसपी संचालक के विरुद्ध लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए मामले की निष्पक्ष जांच तथा राशि वापस दिलाने की मांग की।
वहीं, आरोपित सीएसपी संचालक ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को निराधार और बेबुनियाद बताया है। उनका कहना है कि उन्होंने किसी प्रकार की अनियमितता नहीं की है।इस संबंध में शंभूगंज थाना अध्यक्ष राजकुमार प्रसाद ने बताया कि पीड़ित की लिखित शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
.png)



