सूरजकांन्त ,ब्यूरो रिपोर्ट, पटना ,बिहार
बिहार बंद हिंसा: तेज प्रताप यादव गिरफ्तार, 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में बेउर जेल भेजे गए
पटना। बिहार बंद के दौरान हुई हिंसक घटनाओं के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े पुत्र एवं जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष तेज प्रताप यादव को गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को हुई गिरफ्तारी के बाद देर रात उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में बेउर केंद्रीय कारागार भेजने का आदेश दिया।
जानकारी के अनुसार, शनिवार 25 जुलाई को NEET पेपर लीक मामले और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर विभिन्न छात्र संगठनों द्वारा बुलाए गए बिहार बंद के दौरान पटना के रामगुलाम चौक और गांधी मैदान क्षेत्र में प्रदर्शन उग्र हो गया था। इस दौरान तेज प्रताप यादव अपने समर्थकों के साथ तिरंगा लेकर प्रदर्शन में शामिल हुए थे।
पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के अनुसार, तेज प्रताप यादव पर प्रदर्शनकारियों को हिंसा के लिए उकसाने तथा कानून-व्यवस्था भंग करने का आरोप है। पुलिस ने उन्हें शनिवार शाम डाकबंगला चौराहे के समीप स्थित एक मॉल से हिरासत में लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद देर रात अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। हिरासत में लिए जाने के दौरान तेज प्रताप यादव ने कहा कि वे छात्रों के अधिकारों की लड़ाई में उनके साथ खड़े हैं और इसके लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार हैं।
वहीं, बिहार बंद के दौरान राज्य के पटना, सीवान, नालंदा सहित 10 से अधिक जिलों में हिंसक झड़पें, पथराव और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आईं। कई स्थानों पर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच संघर्ष हुआ, जिसमें पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी सूचना है। पुलिस मुख्यालय के अनुसार, पूरे राज्य में कानून-व्यवस्था भंग करने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और उपद्रव फैलाने के आरोप में 423 लोगों को हिरासत में लिया गया या गिरफ्तार किया गया है। कई संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
.png)



