सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर, बांका बिहार
शास्त्री चौक पर दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रक के नीचे आने से महिला की मौत, पति गंभीर घायल
बांका शहर के व्यस्ततम शास्त्री चौक पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बाराहाट थाना क्षेत्र के बिरनी गढ़िया गांव निवासी योगेंद्र पंडित अपनी पत्नी अनीता देवी के साथ किसी मुकदमे की तारीख पर बांका न्यायालय आए थे। कोर्ट का काम समाप्त होने के बाद दोनों बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान शास्त्री चौक के समीप पीछे से छड़ (सरिया) लदे एक भारी वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। बाइक चला रहे योगेंद्र पंडित आगे की ओर गिर पड़े, जबकि पीछे बैठी उनकी पत्नी अनीता देवी वाहन के पहिए की चपेट में आ गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भारी वाहन का पहिया उनके सिर पर चढ़ गया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना इतनी भयावह थी कि आसपास मौजूद लोग दहल उठे।
हादसे की सूचना मिलते ही टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल योगेंद्र पंडित को इलाज के लिए अस्पताल भेजा तथा महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान और चालक की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा गया। लोगों का कहना है कि शहर में नो-एंट्री नियमों का सख्ती से पालन नहीं होने के कारण भारी वाहनों का आवागमन लगातार जारी रहता है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से शहर में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रभावी नियंत्रण लगाने की मांग की है।
.png)



