कुणाल शेखर APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, भागलपुर
नशा विरोधी अभियान में ग्रामीणों की बड़ी सफलता, स्मैक के साथ युवक पकड़ाया
बैजानी चौक पर ग्रामीणों ने दबोचा, पुलिस को सौंपा; जांच के बाद होगी कार्रवाई
नशामुक्त समाज के निर्माण को लेकर जगदीशपुर प्रखंड के बाईपास थाना क्षेत्र में चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के दौरान ग्रामीणों को बड़ी सफलता मिली। गुरुवार को बैजानी चौक पर स्थानीय लोगों ने एक संदिग्ध युवक को कथित रूप से स्मैक के साथ पकड़कर बाईपास थाना पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र में बढ़ते नशे के कारोबार और युवाओं में नशे की बढ़ती लत को लेकर ग्रामीणों में काफी चिंता और आक्रोश है। इसी के मद्देनजर पिछले पांच दिनों से गांव के लोगों द्वारा लगातार नशा विरोधी अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत ग्रामीण विभिन्न चौक-चौराहों पर निगरानी रखने के साथ-साथ लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक भी कर रहे हैं।
इसी दौरान बैजानी चौक पर एक युवक की गतिविधियां ग्रामीणों को संदिग्ध लगीं। पूछताछ और तलाशी के दौरान उसके पास से कथित रूप से स्मैक बरामद होने की बात सामने आई। इसके बाद ग्रामीणों ने युवक को पकड़ लिया और तत्काल इसकी सूचना बाईपास थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर थाना ले गई। बाईपास थानाध्यक्ष सुमन कुमार राय ने बताया कि युवक से पूछताछ की जा रही है तथा बरामद पदार्थ की जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि नशे के खिलाफ जागरूक रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकें।
.png)




