कुणाल शेखर APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, भागलपुर
कोसी की तेज धार ने छीना परिवार का सहारा, 19 वर्षीय युवक की डूबने से मौत
चारा लेकर घर लौटने के दौरान हुआ हादसा, गांव में शोक की लहर; परिजनों को मुआवजे की मांग
नवगछिया थाना क्षेत्र के श्रीपुर नगर परिषद वार्ड संख्या-3 में गुरुवार को कोसी नदी में डूबने से 19 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है, जबकि मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की पहचान श्रीपुर निवासी झकसु सिंह के पुत्र सुनील कुमार (19) के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुनील कुमार अपने पिता के साथ मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करने में सहयोग करता था। गुरुवार को वह खेत से पशुओं के लिए चारा लेकर घर लौट रहा था। इसी दौरान कोसी नदी की धार के समीप से गुजरते समय उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन नदी की तेज धारा के कारण वह लापता हो गया। काफी खोजबीन के बाद उसका शव नदी से बरामद किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां मंजू देवी बार-बार बेहोश हो रही थीं, जबकि पिता झकसु सिंह गहरे सदमे में हैं। परिजनों ने बताया कि सुनील दो भाइयों और दो बहनों में सबसे बड़ा था तथा परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों को निभाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा था।घटना की जानकारी मिलने पर नवगछिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर अनुमंडलीय अस्पताल नवगछिया भेजा। पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंपने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इधर, वार्ड पार्षद नागेश्वर सिंह ने मृतक के घर पहुंचकर शोक-संतप्त परिवार को सांत्वना दी। उन्होंने इस घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए प्रशासन से आपदा राहत मद के तहत अविलंब मुआवजा एवं सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। ग्रामीणों ने भी कहा कि सुनील परिवार का कमाऊ सदस्य था और उसकी मौत से परिवार पर गंभीर आर्थिक संकट आ गया है। प्रशासन से शीघ्र सहायता की मांग तेज हो गई है।
.png)



