सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर, बांका बिहार
कर्णपुर में युवती ने फंदे से लटककर की आत्महत्या, प्रेम प्रसंग की आशंका
बांका जिले के शंभूगंज थाना क्षेत्र के कर्णपुर गांव में गुरुवार को एक 21 वर्षीय युवती ने घर के कमरे में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान कर्णपुर गांव निवासी वीरेंद्र मंडल की 21 वर्षीय पुत्री नेहा कुमारी के रूप में हुई है। वह दो भाई और दो बहनों में दूसरे स्थान पर थी। परिजनों के अनुसार घटना के समय नेहा के माता-पिता किसी कार्य से सुल्तानगंज गए हुए थे। इसी दौरान उसने घर के एक कमरे में जाकर गले में फंदा लगा लिया।
कुछ देर बाद जब उसके भाई-बहनों ने उसे फंदे से लटका देखा तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई और इसकी जानकारी शंभूगंज थाना पुलिस को दी गई।
सूचना पर थानाध्यक्ष राजकुमार प्रसाद पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया। साथ ही घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। हालांकि स्थानीय स्तर पर प्रेम प्रसंग को लेकर युवती द्वारा यह कदम उठाए जाने की चर्चा है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
.png)




