सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर, बांका बिहार
शंभूगंज का युवक शादीशुदा महिला संग फरार, थाने में घंटों चला हाई-वोल्टेज ड्रामा
बांका शंभूगंज बाजार के एक युवक द्वारा असम की एक शादीशुदा महिला और आठ वर्षीय बच्ची की मां को अपने साथ ले आने का मामला गुरुवार को थाना पहुंच गया। शिकायत लेकर असम से पहुंचे महिला के पति, मां और अन्य परिजनों के कारण थाना परिसर में करीब दो घंटे तक हाई-वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन महिला अपने प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ी रही।
जानकारी के अनुसार, शंभूगंज बाजार निवासी अजय मंडल का 24 वर्षीय पुत्र दया कुमार कुछ समय पूर्व पूजा-अर्चना के लिए बागेश्वरधाम गया था। वहीं उसकी मुलाकात असम की रहने वाली प्रतिमा घोष से हुई। मुलाकात के बाद दोनों के बीच इंटरनेट मीडिया के माध्यम से बातचीत शुरू हुई, जो धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। बताया जाता है कि प्रतिमा के बुलावे पर दया कई बार असम भी गया और अंततः करीब एक माह पहले दोनों साथ चले गए।
गुरुवार को पिंटू घोष अपनी सास प्रमिला मंडल, साले निकुंज मंडल तथा अन्य परिजनों के साथ शंभूगंज थाना पहुंचे और मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद पुलिस दया कुमार को पूछताछ के लिए थाना लाई। थाना परिसर में दोनों पक्षों के बीच लंबे समय तक बहस होती रही। एक ओर पति और मायके पक्ष महिला को अपने साथ ले जाने की मांग करते रहे, जबकि प्रतिमा अपने प्रेमी दया कुमार के साथ रहने की बात पर अडिग रही।
थानाध्यक्ष राजकुमार प्रसाद ने बताया कि इसी मामले को लेकर पूर्व में असम के बिजनी थाना में भी शिकायत दर्ज कराई गई थी। दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के तहत वापस असम भेज दिया गया है। घटना के बाद शंभूगंज बाजार में पूरे दिन इस प्रेम प्रसंग और थाने में चले घटनाक्रम की चर्चा होती रही।
.png)




