Left Post

Type Here to Get Search Results !
Responsive Image
LIVE

ब्रेकिंग न्यूज : परीक्षा देने जा रही छात्रा की सड़क हादसे में मौत, गांव में पसरा मातम

 प्रीतम सुमन APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, बांका बिहार 

परीक्षा देने जा रही छात्रा की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत, गोपालपुर गांव में पसरा मातम

बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव की 20 वर्षीय छात्रा खुशी कुमारी की शुक्रवार सुबह मुंगेर पुल के समीप हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई और मृतका के घर पर मातमी सन्नाटा छा गया।

मृतका की पहचान गोपालपुर निवासी संजय ईश्वर की पुत्री खुशी कुमारी के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार खुशी बचपन से ही मुंगेर जिले के चरौन गांव स्थित अपने ननिहाल में रहकर पढ़ाई कर रही थी। शुक्रवार को वह अपने मामा मनीष कुमार उर्फ चिंटू के साथ बाइक से बेगूसराय स्थित जीडी कॉलेज परीक्षा देने जा रही थी। इसी दौरान मुंगेर पुल के समीप पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर लगते ही बाइक चालक दूर जा गिरा, जबकि खुशी सड़क पर गिरकर ट्रक के पहिए के नीचे आ गई। उसकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में उसके मामा को मामूली चोटें आई हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की।

घटना की खबर मिलते ही मृतका की मां रूपम देवी, छोटी बहन निक्की कुमारी, मुन्नी कुमारी समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों के करुण विलाप से माहौल गमगीन हो उठा। ग्रामीणों ने बताया कि खुशी तीन बहनों में सबसे बड़ी थी और पढ़ाई में काफी मेधावी थी। उसके पिता संजय ईश्वर मुंबई में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।

ग्रामीणों और पड़ोसियों ने बताया कि खुशी बेहद शांत, विनम्र और मिलनसार स्वभाव की युवती थी। परीक्षा को लेकर वह काफी उत्साहित थी और भविष्य के सुनहरे सपने संजोए हुए थी। लेकिन एक दर्दनाक सड़क हादसे ने उसके सभी सपनों को पल भर में खत्म कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और मातम का माहौल बना हुआ है।



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Design by - Blogger Templates |