सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर, बांका बिहार
विश्व पर्यावरण दिवस पर हरियाली का संकल्प: छात्रों से लेकर ग्रामीणों तक ने किया पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शंभूगंज प्रखंड में विभिन्न स्थानों पर पौधरोपण, जागरूकता कार्यक्रम एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। एक ओर हस्तिनापुर स्थित तेज नारायण बद्रिका पर्यावरण अनुसंधान केन्द्र में छात्रों ने पौधे लगाकर हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया, वहीं दूसरी ओर भरतसिला पंचायत में जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने सामूहिक वृक्षारोपण कर पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का आह्वान किया।
तेज नारायण बद्रिका पर्यावरण अनुसंधान केन्द्र, हस्तिनापुर में वन एवं पर्यावरण विभाग के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण एवं हरियाली के महत्व पर विशेष चर्चा की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जीव विज्ञान शिक्षक सह जिला पर्यावरण विशेषज्ञ एवं भारतीय रेडक्रास सोसायटी, बांका जिला इकाई प्रबंध समिति सदस्य डॉ. प्रवीण कुमार प्रणव ने कहा कि पर्यावरण की शुद्धता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का नैतिक और सामाजिक दायित्व है। उन्होंने बताया कि सरकारी मानकों के अनुसार प्रत्येक वन डिवीजन में कम से कम 33 प्रतिशत क्षेत्र वनाच्छादित होना चाहिए, जिससे प्रदूषण में कमी आती है और जीवनदायिनी ऑक्सीजन की उपलब्धता बनी रहती है।
इस अवसर पर छात्रों के बीच पर्यावरण संरक्षण एवं प्रदूषण नियंत्रण विषय पर चित्रांकन और निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। बच्चों ने आकर्षक चित्रों और लेखन के माध्यम से प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया। अंश राज, शौर्य, मानस, सुमन, प्राची कुमारी, आरोही, आर्यन, मान्या, मानवी, दिव्या, रिया, श्रीयांश, अयांश, सृष्टि, ओम कुमार, आयुष, नाव्या, प्रियांश, दानवी, विशाल राज और देवांश सहित दर्जनों विद्यार्थियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण रक्षा का संकल्प लिया।
चित्रांकन प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में अयांश प्रथम, मानस द्वितीय एवं देवांश तृतीय स्थान पर रहे। सीनियर वर्ग में मानवी प्रथम, नाव्या द्वितीय तथा आरोही तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं निबंध प्रतियोगिता में सुमन कुमार सिंह ने प्रथम, विशाल राजपूत ने द्वितीय और विराट राज ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को मेडल, ट्रॉफी एवं शैक्षणिक सामग्री देकर सम्मानित किया गया।
उधर भरतसिला पंचायत में मुखिया विनय प्रसाद के नेतृत्व में सामूहिक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुखिया ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उनका संरक्षण और संवर्धन भी जरूरी है। उन्होंने ग्रामीणों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की। कार्यक्रम में उपमुखिया नवजीत कुमार, कार्यपालक सहायक अभिषेक राणा, स्वच्छता पर्यवेक्षक अभिनेश भगत, स्वच्छता कर्मियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। सभी ने मिलकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और हरित भविष्य के निर्माण का संकल्प लिया।
.png)




