Left Post

Type Here to Get Search Results !
Responsive Image
LIVE

ब्रेकिंग : महादलित पर्चाधारी की जमीन पर दबंगों का है कब्जा, न्याय की लगाई गुहार

सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर, बांका बिहार 

पर्चा मिला, पर जमीन नहीं: दबंगों के कब्जे से बेघर महादलित परिवारों ने लगाई न्याय की गुहार

सरकार द्वारा भूमिहीन महादलित परिवारों को बसगीत भूमि का पर्चा देकर उन्हें स्थायी आवास उपलब्ध कराने की योजना बनाई गई थी, लेकिन शंभूगंज प्रखंड के कई महादलित परिवार आज भी अपने ही नाम आवंटित जमीन पर कब्जा नहीं पा सके हैं। नतीजतन वर्षों बाद भी वे अपने आशियाने का सपना पूरा नहीं कर पाए हैं। सोमवार को इस समस्या को लेकर दर्जनों पीड़ित परिवार शंभूगंज प्रखंड कार्यालय पहुंचे और प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की।

मामला शंभूगंज थाना क्षेत्र की मलडीह पंचायत अंतर्गत करहिया गांव का है। यहां की पूरी देवी, मुन्नी देवी, सुलेखा देवी, मोदी देवी, शांति देवी सहित कई महादलित परिवारों ने अंचल कार्यालय पहुंचकर बताया कि उन्हें वर्षों पहले सरकार द्वारा बसगीत भूमि का पर्चा उपलब्ध कराया गया था। इसके बावजूद आज तक प्रशासनिक स्तर पर जमीन की पैमाइश कर उन्हें कब्जा नहीं दिलाया गया है।

पीड़ितों का आरोप है कि जिस जमीन का पर्चा उनके नाम जारी किया गया है, उस पर स्थानीय दबंगों का कब्जा बना हुआ है। जब भी वे अपनी जमीन पर मकान बनाने या कब्जा लेने का प्रयास करते हैं, उन्हें धमकाकर भगा दिया जाता है। भय और दबाव के कारण वे अपने अधिकार की जमीन का उपयोग नहीं कर पा रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि जमीन पर कब्जा नहीं मिलने के कारण वे सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ भी नहीं उठा पा रहे हैं। कई परिवार आज भी झोपड़ियों और अस्थायी घरों में रहने को मजबूर हैं। उनका कहना है कि यदि प्रशासन उन्हें जमीन पर विधिवत कब्जा दिला दे तो वे आवास योजना का लाभ लेकर अपना पक्का घर बना सकते हैं।

दर्जनों महादलित परिवारों ने अंचल अधिकारी को आवेदन देकर बसगीत भूमि पर कब्जा दिलाने, दबंगों के अतिक्रमण को हटाने तथा आवास योजना का लाभ सुनिश्चित कराने की मांग की है। इस संबंध में शंभूगंज की अंचल अधिकारी जुगनू रानी ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी, ताकि पात्र लाभुकों को उनके अधिकार की जमीन उपलब्ध कराई जा सके।



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Design by - Blogger Templates |