Left Post

Type Here to Get Search Results !
Responsive Image
LIVE

दो माह बाद खत्म हुई पंचायत सचिवों की हड़ताल, कामकाज हुआ बहाल

सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर, बांका बिहार 

दो माह बाद खत्म हुई पंचायत सचिवों की हड़ताल, शंभूगंज में कामकाज हुआ बहाल

शंभूगंज प्रखंड क्षेत्र में लगभग दो माह से जारी पंचायत सचिवों की हड़ताल समाप्त हो गई है। हड़ताल खत्म होने के बाद पंचायत सचिवों ने प्रखंड मुख्यालय पहुंचकर योगदान दिया और अपने-अपने पंचायतों में कार्य करना शुरू कर दिया। इसके साथ ही पंचायत स्तर पर रुके विकास कार्यों और प्रशासनिक गतिविधियों के दोबारा पटरी पर लौटने की उम्मीद बढ़ गई है।

जानकारी के अनुसार, पंचायत सचिव अपनी विभिन्न मांगों को लेकर लंबे समय से हड़ताल पर थे। हड़ताल के कारण पंचायत कार्यालयों का कार्य प्रभावित हो रहा था तथा कई विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में भी बाधा उत्पन्न हो रही थी। ग्रामीणों को प्रमाण पत्र, योजनाओं से संबंधित दस्तावेजों तथा अन्य प्रशासनिक कार्यों के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

पंचायत सचिवों ने बताया कि उनकी प्रमुख मांगों में गृह जिला स्थानांतरण, ग्रेड पे में वृद्धि सहित पांच सूत्री मांगें शामिल थीं। सरकार के साथ हुई वार्ता के बाद उनकी कुछ मांगों को स्वीकार कर लिया गया है, जबकि अन्य मांगों पर सकारात्मक आश्वासन मिला है। इसके बाद हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया गया।

हड़ताल समाप्त होने से पंचायतों में विकास योजनाओं के कार्यों में तेजी आने की संभावना है। पंचायत सचिवों के योगदान देने के बाद लंबित फाइलों का निष्पादन और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।

इस अवसर पर पंचायत सचिव श्रवण कुमार, नागेंद्र कुमार, प्रभाकर कुमार भगत, राजीव कुमार पांडेय, सूर्यदेव कुमार सिंह सहित अन्य पंचायत सचिव उपस्थित रहे। पंचायत सचिवों की वापसी से प्रखंड प्रशासन और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Design by - Blogger Templates |