सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर, बांका बिहार
चार बेटियों और एक बेटे की मां को छोड़ रचाई दूसरी शादी, अब पहली पत्नी को मिल रही जान से मारने की धमकी
शंभूगंज थाना क्षेत्र के बड़ी खौजूरी गांव में दूसरी शादी को लेकर एक परिवार का विवाद थाने तक पहुंच गया है। पहली पत्नी संजू देवी ने अपने पति नारायण तांती पर दूसरी शादी करने के बाद प्रताड़ित करने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
बताया जाता है कि नारायण तांती अपनी पत्नी संजू देवी, चार पुत्रियों और एक पुत्र के साथ रह रहे थे। इसी बीच उन्होंने गांव की ही रिश्तेदारी में लगने वाली अपनी भौजाई बबीता देवी से दूसरी शादी कर ली। शादी के बाद दोनों कुछ दिनों तक घर से बाहर रहे। हाल ही में जब वे वापस गांव लौटे तो पारिवारिक तनाव और बढ़ गया।
संजू देवी के अनुसार, दूसरी शादी के बाद से ही उनके पति का व्यवहार बदल गया और वे लगातार धमकियां देने लगे। आरोप है कि सोमवार सुबह नारायण तांती अपनी दूसरी पत्नी के साथ उनके घर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। स्थिति बिगड़ती देख संजू देवी किसी तरह वहां से भाग निकलीं और अपनी जान बचाई।
घटना के बाद उन्होंने अपने मायके पक्ष और रिश्तेदारों को पूरी जानकारी दी। इसके बाद परिजनों के साथ सोमवार दोपहर करीब 12 बजे शंभूगंज थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता ने पुलिस से सुरक्षा और न्याय दिलाने की मांग की है।
वहीं, नारायण तांती ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है। उनका कहना है कि उन्हें बेवजह बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है। इधर, शंभूगंज थाना पुलिस ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। दोनों पक्षों के बयान और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और लोग पुलिस जांच के नतीजे का इंतजार कर रहे हैं।
.png)





