प्रीतम सुमन APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, बांका बिहार
बेटी का पक्ष सुनने पहुंचे पिता पर हमला, ससुराल वालों पर मारपीट का आरोप
अमरपुर शहर के डुमरामा वार्ड संख्या-2 में पुत्री के साथ कथित प्रताड़ना की शिकायत पर विवाद सुलझाने पहुंचे एक वृद्ध पिता के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना में घायल वृद्ध का उपचार अमरपुर रेफरल अस्पताल में कराया गया। पीड़ित ने मामले की शिकायत थाने में करने की बात कही है।
जानकारी के अनुसार, भागलपुर जिले के नाथनगर थाना क्षेत्र स्थित चंपानगर निवासी कामदेव झा अपनी पुत्री के ससुराल डुमरामा वार्ड संख्या-2 पहुंचे थे। उनका आरोप है कि उनकी पुत्री को पिछले कुछ महीनों से ससुराल पक्ष द्वारा लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। सोमवार को पुनः पुत्री के साथ मारपीट किए जाने की सूचना मिलने पर वह शाम में उसके घर पहुंचे थे।
घायल वृद्ध ने बताया कि जब उनकी पुत्री उन्हें पूरे विवाद की जानकारी दे रही थी, तभी उसके ससुराल पक्ष के कुछ लोग वहां पहुंच गए। आरोप है कि विकास कुमार भट्टाचार्य, निशा भट्टाचार्य, खुशी भट्टाचार्य समेत अन्य परिजनों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर सभी ने मिलकर उनकी पिटाई कर दी, जिससे वह घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अमरपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. ज्योति भारती ने उनका प्राथमिक उपचार किया। पीड़ित कामदेव झा ने बताया कि वह इस मामले में संबंधित लोगों के खिलाफ अमरपुर थाना में लिखित आवेदन देकर कानूनी कार्रवाई की मांग करेंगे। घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
.png)



