प्रीतम सुमन APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, बांका बिहार
पत्नी से फोन पर विवाद के बाद युवक ने खाया जहर, इलाज के दौरान मौत
बांका जिले के बेलहर थाना क्षेत्र अंतर्गत निमियां गांव में पत्नी से मोबाइल फोन पर हुए विवाद के बाद एक युवक द्वारा जहरीला पदार्थ खाने का मामला सामने आया है। इलाज के दौरान युवक की मौत हो जाने से परिवार में मातम छा गया है।
मृतक की पहचान निमियां गांव निवासी रोहित कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार रविवार सुबह रोहित की अपनी पत्नी से मोबाइल फोन पर किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद से आहत होकर उसने कथित रूप से सल्फास खा लिया। युवक की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए बांका सदर अस्पताल लेकर पहुंचे।
सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे रेफरल अस्पताल अमरपुर भेज दिया। अमरपुर अस्पताल में मौजूद चिकित्सक डॉ. रोहित चंचल ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया।
मृतक के चचेरे भाई अभिनंदन कुमार ने बताया कि रोहित की शादी करीब एक वर्ष पूर्व खड़गपुर में हुई थी। विवाह के बाद उसकी पत्नी केवल दो दिन ससुराल में रही और फिर मायके चली गई, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटी। बताया जाता है कि इसी पारिवारिक तनाव के बीच रविवार को दोनों के बीच फोन पर विवाद हुआ था।
रोहित ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।
.png)




