ईओ व नगर सभापति हत्याकांड: फरार उपसभापति नीलम देवी व दो पुत्रों के घर इश्तिहार चिपकाया
भागलपुर जिले के सुल्तानगंज नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार और नगर सभापति राजकुमार गुड्डू की चर्चित हत्या मामले में फरार चल रही उपसभापति नीलम देवी तथा उनके पुत्र मनीष यादव और अंकित यादव के खिलाफ अदालत का शिकंजा और कसता जा रहा है। भागलपुर न्यायालय से इश्तहार जारी होने के बाद शनिवार को सुल्तानगंज थाना अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने श्यामबाग स्थित उनके आवास पर पहुंचकर इश्तिहार चिपकाया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि न्यायालय ने तीनों आरोपितों को 6 जुलाई तक अदालत में उपस्थित होने का निर्देश दिया है। निर्धारित समय सीमा के भीतर आत्मसमर्पण नहीं करने पर कुर्की-जब्ती सहित अन्य कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
गौरतलब है कि 28 अप्रैल की शाम सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में सैरात की बंदोबस्ती को लेकर बैठक चल रही थी। बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार, नगर सभापति राजकुमार गुड्डू तथा कई पार्षद मौजूद थे। इसी दौरान तीन अपराधी कार्यालय में घुस आए और नगर सभापति राजकुमार गुड्डू पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार भी अपराधियों के निशाने पर आ गए और उन्हें भी गोली मार दी गई।
हमले में कृष्ण भूषण कुमार की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल राजकुमार गुड्डू को बेहतर इलाज के लिए पटना भेजा गया था। इलाज के दौरान 9 मई को उनकी भी मृत्यु हो गई थी।
घटना के दिन देर रात मुख्य आरोपी और उपसभापति नीलम देवी के पति रामधनी यादव पुलिस मुठभेड़ में मारा गया था। पुलिस इस मामले में नीलम देवी के बड़े पुत्र सनी यादव और मटुकी मंडल को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अब फरार आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस लगातार छापेमारी अभियान चला रही है।
.png)