Left Post

Type Here to Get Search Results !
Responsive Image
LIVE

ब्रेकिंग न्यूज : मोहर्रम को लेकर हुई शांति समिति की बैठक, थानाध्यक्ष और सीओ ने लोगों से किया अपील

सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर, बांका बिहार 

मोहर्रम को लेकर शंभूगंज में शांति समिति की बैठक, सौहार्दपूर्ण आयोजन पर जोर

शंभूगंज थाना परिसर में मंगलवार को मोहर्रम पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना अध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक राजकुमार प्रसाद ने की। इस अवसर पर अंचल अधिकारी जुगनू रानी, राजस्व अधिकारी अभय कुमार सहित प्रखंड के विभिन्न पंचायत प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

बैठक में मोहर्रम पर्व को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के वातावरण में मनाने की अपील की गई। थाना अध्यक्ष राजकुमार प्रसाद ने स्पष्ट रूप से कहा कि मोहर्रम के अवसर पर ताजिया जुलूस पूर्व की भांति ही निकाला जाएगा, लेकिन इसमें किसी प्रकार का बदलाव स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जुलूस के दौरान डीजे बजाने पर सख्त प्रतिबंध रहेगा तथा निर्धारित समय और नियमों के अनुसार ही कार्यक्रम संपन्न कराया जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि मोहर्रम जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था फैलाने वाले या असामाजिक तत्वों पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी। कानून व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और शांति भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अंचल अधिकारी जुगनू रानी ने भी बैठक को संबोधित करते हुए लोगों से अपील की कि मोहर्रम का त्योहार आपसी प्रेम और भाईचारे के साथ मनाया जाए। उन्होंने कहा कि शंभूगंज क्षेत्र में हिंदू-मुस्लिम समुदाय के बीच हमेशा सौहार्दपूर्ण वातावरण रहा है, जिसे आगे भी बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने उपस्थित लोगों से शांति और सद्भाव बनाए रखने का संकल्प लेने की अपील की।

बैठक में प्रखंड कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह, सरपंच प्रतिनिधि मोहम्मद बद्दू आलम, उपसरपंच पप्पू मोहम्मद, गुलाम नबी आजाद सहित दो दर्जन से अधिक जनप्रतिनिधि एवं समाजसेवी शामिल हुए। सभी ने प्रशासन को सहयोग का आश्वासन दिया और शांतिपूर्ण तरीके से पर्व मनाने पर सहमति जताई।

अंत में पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत प्रशासन को सूचित करें, ताकि पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जा सके।



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Design by - Blogger Templates |