कुणाल शेखर APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, भागलपुर
भागलपुर में एंड्रोमेडा इंडिया का जोनल कार्यालय शुरू, अब आसान प्रक्रिया से मिलेगा हर तरह का लोन
भागलपुर शहर के जीरो माइल बायपास रोड स्थित एंड्रोमेडा इंडिया के नए जोनल कार्यालय का गुरुवार को विधिवत शुभारंभ किया गया। देश की अग्रणी लोन डिस्ट्रीब्यूटर कंपनियों में शामिल एंड्रोमेडा इंडिया के इस कार्यालय के खुलने से भागलपुर सहित आसपास के जिलों के लोगों को विभिन्न प्रकार के ऋण की सुविधाएं एक ही स्थान पर आसान प्रक्रिया के तहत उपलब्ध हो सकेंगी।
कार्यालय का उद्घाटन एंड्रोमेडा इंडिया के बिहार-झारखंड हेड सौरभ कुमार द्विवेदी, भागलपुर नगर विधायक रोहित पांडे तथा लोजपा (रामविलास) की प्रदेश महासचिव संगीता तिवारी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस अवसर पर कंपनी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र देकर गर्मजोशी से स्वागत किया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए बिहार-झारखंड हेड सौरभ कुमार द्विवेदी ने बताया कि एंड्रोमेडा इंडिया के माध्यम से ग्राहकों को होम लोन, वाहन लोन, बिजनेस लोन, पर्सनल लोन, प्रॉपर्टी के बदले लोन समेत विभिन्न प्रकार के ऋण उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि कंपनी का उद्देश्य ग्राहकों को पारदर्शी, सरल और त्वरित सेवा प्रदान करना है, ताकि उन्हें लोन लेने की प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने यह भी बताया कि बिहार में कंपनी की यह पहली बड़ी शुरुआत है और भागलपुर में जोनल कार्यालय खुलने के बाद जल्द ही बिहार एवं झारखंड के कई अन्य जिलों में भी नई शाखाएं खोली जाएंगी। इससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर वित्तीय सेवाओं का लाभ मिलेगा तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय व्यवसायी, बैंकिंग क्षेत्र से जुड़े लोग, कंपनी के कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। उद्घाटन के बाद अतिथियों ने कार्यालय का निरीक्षण किया और कंपनी की कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त की।
.png)

