सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर, बांका बिहार
सरकारी जमीन पर अतिक्रमण से किसानों की बढ़ी परेशानी, आंदोलन की चेतावनी
रामचुआ गांव में बांध और सार्वजनिक रास्ते पर कब्जे का आरोप, ग्रामीणों ने प्रशासन से की कार्रवाई की मांग
शंभूगंज प्रखंड क्षेत्र के रामचुआ गांव में नदी किनारे स्थित बांध एवं गैरमजरुआ सरकारी जमीन पर कथित अतिक्रमण को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ लोगों द्वारा सरकारी भूमि और सार्वजनिक रास्ते पर अवैध कब्जा कर लेने से किसानों और आम लोगों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। इस मामले को लेकर ग्रामीणों ने अंचल प्रशासन, जिला पदाधिकारी तथा मुख्यमंत्री को आवेदन भेजकर अतिक्रमण हटाने की मांग की है।
ग्रामीण अमरेंद्र कुमार, दीपक कुमार सिंह, अनिल कुमार, बबन कुमार सिंह, बिपत कुमार सिंह, शिवनंदन सिंह, कन्हैया सिंह, संजय कुमार सिंह, चिरंजीवी कुमार सिंह एवं मनोज कुमार सिंह सहित अन्य लोगों ने बताया कि गांव के दक्षिण दिशा में जोरी नदी के समीप अलवेला पुल, लौना जोर तथा चौर बहियार जाने वाला मुख्य मार्ग है। आरोप है कि इसी रास्ते और आसपास की सरकारी जमीन पर कुछ लोगों ने कब्जा कर लिया है, जिससे लोगों को आने-जाने में कठिनाई हो रही है। ग्रामीणों के अनुसार अतिक्रमण का सबसे अधिक असर किसानों पर पड़ रहा है। खेतों तक पहुंचने, सिंचाई करने, फसल की कटाई तथा तैयार उपज को गांव तक लाने में परेशानी हो रही है। खरीफ मौसम शुरू होने के साथ ही किसान धान का बिचड़ा गिराने और खेती की तैयारी में जुटे हैं, लेकिन रास्ता बाधित होने से कृषि कार्य प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो वे आंदोलन को और तेज करने के लिए बाध्य होंगे। इधर, शंभूगंज अंचलाधिकारी जुगनू रानी ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच कराई जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
.png)


