प्रीतम सुमन APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, बांका बिहार
रास्ता विवाद में जमकर मारपीट, पांच महिलाओं समेत छह घायल; एक की हालत गंभीर, भागलपुर रेफर
बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र के गोरगम्मा गांव में मंगलवार को रास्ता विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में एक ही परिवार के पांच महिलाओं समेत छह लोग घायल हो गए। घायलों का इलाज अमरपुर रेफरल अस्पताल में कराया गया, जहां एक महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया गया।
घायलों में संजीव कुमार चौधरी की पत्नी रेणू देवी, नवल किशोर चौधरी की पत्नी टीला देवी, घोघन चौधरी की पत्नी द्रोपदी देवी, धीरेन्द्र चौधरी की पत्नी शिरोमणि देवी, रंजीत चौधरी की पत्नी बिरमा देवी तथा विभिषण कुमार शामिल हैं। सभी का प्राथमिक उपचार रेफरल अस्पताल में चिकित्सक डॉ. अमीत कुमार शर्मा द्वारा किया गया।
अस्पताल में इलाजरत रेणू देवी ने बताया कि उनके पड़ोसी सिकंदर कुमार से वर्षों से रास्ते को लेकर विवाद चल रहा है। आरोप है कि मंगलवार सुबह जब घर में कोई पुरुष सदस्य मौजूद नहीं था, तब सिकंदर कुमार, पवन कुमार, गगन कुमार, अनमोल कुमार एवं अन्य परिजन हरवे-हथियार से लैस होकर उनके घर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपितों ने देशी पिस्टल की बट तथा लाठी-डंडे से हमला कर दिया।
पीड़िता के अनुसार शोर सुनकर जब परिवार की अन्य महिलाएं और भतीजा विभिषण कुमार बीच-बचाव करने पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की गई, जिससे सभी घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही अमरपुर थाना में पदस्थापित दारोगा कन्हैया कुमार पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और घायलों का बयान दर्ज किया। डॉ. अमीत कुमार शर्मा ने बताया कि रेणू देवी के सिर में गंभीर चोट लगी है। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
.png)


