उमाकांन्त पोद्दार APP न्यूज रिपोर्टर ,चांदन ,बांका
मुहर्रम से पहले आनंदपुर पुलिस का फ्लैग मार्च, एरिया डोमिनेशन व गश्ती अभियान तेज
चांदन थाना क्षेत्र में मुहर्रम पर्व-2026 को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के उद्देश्य से जिलेभर में विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। इसी कड़ी में आनंदपुर थाना क्षेत्र में पुलिस द्वारा एरिया डोमिनेशन एवं संध्या गश्ती अभियान चलाया गया।
समाहरणालय सभागार, बांका में जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार की अध्यक्षता में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की बैठक आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने, अफवाहों पर नियंत्रण करने तथा किसी भी आपात स्थिति से तत्परता के साथ निपटने का निर्देश दिया गया।
पुलिस अधीक्षक के आदेश पर आनंदपुर थानाध्यक्ष विनोद कुमार के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों की संयुक्त टीम ने थाना क्षेत्र के विभिन्न बाजारों, चौक-चौराहों, धार्मिक स्थलों तथा संवेदनशील इलाकों में पैदल एवं वाहन गश्ती की। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए लोगों से शांति एवं भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की गई।
अभियान के दौरान पुलिस ने आम नागरिकों से सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों से सावधान रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया। साथ ही असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी गई और कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
आनंदपुर थाना द्वारा जारी एडवाइजरी में स्पष्ट किया गया है कि मुहर्रम जुलूस के लिए लाइसेंस प्राप्त करना अनिवार्य होगा। बिना अनुमति जुलूस निकालने, डीजे के उपयोग, भड़काऊ भाषण देने, आपत्तिजनक नारेबाजी करने तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक या भड़काऊ सामग्री प्रसारित करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जुलूसों को निर्धारित मार्ग और समय के अनुसार ही निकालने का निर्देश दिया गया है।
पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति, सद्भाव और कानून का पालन करते हुए मुहर्रम मनाने की अपील की है। किसी भी आपात स्थिति में डायल-112 अथवा नजदीकी थाना से संपर्क करने को कहा गया है। प्रशासन का मानना है कि जनसहयोग और सतर्कता से ही पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सकता है।
.png)




