Left Post

Type Here to Get Search Results !
Responsive Image
LIVE

अवैध बालू खनन पर कार्रवाई करने पहुंची टीम पर हमला, सिपाही गंभीर रूप से जख्मी

 सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर, बांका बिहार 

अवैध बालू खनन पर कार्रवाई करने पहुंची टीम पर हमला, सिपाही गंभीर रूप से जख्मी

रजौन में बालू माफियाओं के हौसले बुलंद, खनन विभाग की गाड़ी भी की क्षतिग्रस्त

बांका जिले में अवैध बालू खनन के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच बालू माफियाओं के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ताजा मामला रजौन थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची खनन विभाग की टीम पर बालू माफियाओं ने हमला कर दिया। इस हमले में खनन विभाग की टीम में शामिल पुलिस जवान उमेश यादव गंभीर रूप से जख्मी हो गए, जबकि खनन निरीक्षक सहित अन्य कर्मियों ने किसी तरह जान बचाकर मौके से निकलने में सफलता पाई।

घटना गुरुवार अहले सुबह रजौन थाना क्षेत्र के वृंदावन गांव के समीप की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार अवैध बालू खनन की सूचना मिलने पर खनन विभाग की टीम देर रात ही रजौन पहुंची थी। टीम ने अवैध खनन और बालू के अवैध परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई शुरू ही की थी कि बालू माफियाओं ने अचानक हमला बोल दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों ने खनन विभाग की स्कॉर्पियो गाड़ी को निशाना बनाते हुए पथराव और हमला किया। इस दौरान जवान उमेश यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। हमले में विभागीय वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और टीम के अन्य सदस्य किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से निकल गए।

घायल जवान उमेश यादव ने बताया कि टीम नियमित कार्रवाई के तहत अवैध खनन की जांच कर रही थी, तभी बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने हमला कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही रजौन थाना पुलिस सक्रिय हो गई और घायल जवान को तत्काल उपचार के लिए रजौन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

इधर, पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए हमलावरों की पहचान शुरू कर दी है। रजौन पुलिस विभिन्न संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। वहीं खनन विभाग भी हमले और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराने की तैयारी में जुटा हुआ है। घटना के बाद क्षेत्र में अवैध खनन माफियाओं की बढ़ती गतिविधियों को लेकर चिंता बढ़ गई है।



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Design by - Blogger Templates |