Left Post

Type Here to Get Search Results !
Responsive Image
LIVE

अमरपुर के चार पंचायतों में लगे सहयोग शिविर, डीएम-एसपी ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

 प्रीतम सुमन APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, बांका बिहार 

चार पंचायतों में लगे सहयोग शिविर, डीएम-एसपी ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

बांका जिले के अमरपुर प्रखंड की चार पंचायतों में मंगलवार को विशेष सहयोग शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं एवं शिकायतें प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष रखीं। शिविर का उद्देश्य पंचायत स्तर पर ही आम लोगों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना तथा सरकारी सेवाओं को लोगों तक पहुंचाना था।

प्रखंड के बैजूडीह, रतनपुर मकदुमा, बल्लिकित्ता एवं शोभानपुर पंचायत सरकार भवन में आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों की शिकायतें सुनीं और उनके समाधान का आश्वासन दिया। शिविर में राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ जिला प्रशासन के कई उच्च पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

जिला पदाधिकारी नवदीप शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक उपेन्द्र नाथ वर्मा ने बैजूडीह एवं बल्लिकित्ता पंचायत सरकार भवन पहुंचकर शिविर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए सहायता काउंटरों का जायजा लिया तथा प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। दोनों अधिकारियों ने स्वयं ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और शीघ्र निष्पादन का भरोसा दिलाया।

दोपहर में सिविल विमानन विभाग के सचिव निलेश रामचंद्र देवड़े शोभानपुर पंचायत सरकार भवन पहुंचे। उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा ग्रामीणों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। सचिव ने अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

जिला पदाधिकारी नवदीप शुक्ला ने बताया कि राज्य सरकार की मंशा है कि लोगों को पंचायत स्तर पर ही प्रशासनिक सुविधाएं उपलब्ध हों, ताकि छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए उन्हें बार-बार सरकारी कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े। उन्होंने कहा कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का नियमानुसार 30 दिनों के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक उपेन्द्र नाथ वर्मा ने कहा कि पुलिस से संबंधित शिकायतों को भी शिविर के माध्यम से दर्ज कराया जा सकता है, जिनकी प्राथमिकता के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

बीडीओ प्रतीक राज ने बताया कि शिविर में राजस्व, शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा, मनरेगा, कृषि, आवास, विद्युत एवं पुलिस विभाग सहित कई विभागों के काउंटर लगाए गए थे। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पंचायत स्तर पर अधिकारियों की उपस्थिति से समस्याओं के समाधान की उम्मीद और मजबूत हुई है। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कर्मी मौजूद रहे।



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Design by - Blogger Templates |