प्रीतम सुमन APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट ,बांका बिहार
सर्पदंश से मासूम की हुई मौत परिजनों में मचा कोहराम
अमरपुर प्रखंड की गरीबपुर पंचायत अंतर्गत कामदेवपुर महादलित टोला में सर्पदंश की घटना में पांच वर्षीय बच्ची की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतका की पहचान राजेश दास की पुत्री ज्योति कुमारी (5) के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार को ज्योति अपने घर के समीप खेल रही थी, तभी उसे एक जहरीले सर्प ने डंस लिया। घटना के बाद परिजन आनन-फानन में उसे अमरपुर रेफरल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया। परिजनों ने बताया कि भागलपुर ले जाने के दौरान रास्ते में ही बच्ची की मौत हो गई। मायागंज अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
रविवार सुबह जैसे ही बच्ची का शव गांव पहुंचा, परिजनों में कोहराम मच गया। मां वंदना देवी, पिता राजेश दास तथा भाई-बहनों का रो-रोकर बुरा हाल था। परिजनों की करुण पुकार सुनकर ग्रामीणों की आंखें भी नम हो गईं।
ग्रामीणों ने बताया कि ज्योति बेहद होनहार और मिलनसार बच्ची थी। चार भाई-बहनों में वह तीसरे स्थान पर थी। परिजनों ने आरोप लगाया कि यदि अमरपुर अस्पताल में समय पर समुचित इलाज मिलता तो शायद उनकी बच्ची की जान बच सकती थी।
घटना की सूचना मिलने पर पंचायत के मुखिया नरोत्तम तिवारी मृतका के घर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देते हुए हरसंभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।
.png)


