कुणाल शेखर APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, भागलपुर
कार और स्कूल वैन की आमने-सामने टक्कर, दो बच्चे घायल; कार के उड़े परखच्चे
भागलपुर के बाईपास थाना क्षेत्र के दुमका मुख्य मार्ग पर होंडा शोरूम के समीप मंगलवार को एक कार और स्कूल मैजिक वैन के बीच हुई जोरदार टक्कर में दो बच्चे घायल हो गए। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई तथा आसपास के लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों वाहन तेज गति से आ रहे थे। इसी दौरान होंडा शोरूम के समीप आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर लगते ही स्कूल वैन में सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल दो बच्चों को वाहन से बाहर निकाला और तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त कार के मालिक की पहचान हुसैनाबाद, गुलाबबाग निवासी मोहम्मद आसिफ के रूप में हुई है। हादसे में कार को सबसे अधिक नुकसान पहुंचा है, जबकि स्कूल वैन भी क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि समय रहते राहत कार्य शुरू होने से बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही बाईपास थानाध्यक्ष चनबीर यादव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों वाहनों को अपने कब्जे में लेकर सड़क से हटवाया, जिससे यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी। दुर्घटना के कारण कुछ समय तक मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही।
थानाध्यक्ष ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। दोनों वाहनों के चालकों से पूछताछ की जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इधर, स्थानीय लोगों ने दुमका मुख्य मार्ग पर लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त की है। लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से इस मार्ग पर यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने, नियमित जांच अभियान चलाने तथा सड़क सुरक्षा के अतिरिक्त उपाय करने की मांग की है।
.png)

