सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर, बांका बिहार
शंभूगंज थाना का एसडीपीओ ने किया औचक निरीक्षण, लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के दिए निर्देश
बांका के एसडीपीओ अमर विश्वास ने बुधवार को शंभूगंज थाना का औचक निरीक्षण कर विधि-व्यवस्था एवं लंबित मामलों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान थाना अध्यक्ष राजकुमार प्रसाद, अवर निरीक्षक राममोहन कुमार, सौरभ कुमार, आदर्श कुंदन, अमोद कुमार सिंह सहित सभी पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल के जवान उपस्थित रहे।
निरीक्षण के क्रम में एसडीपीओ ने थाना में दर्ज लंबित कांडों की विस्तार से समीक्षा की और उनके शीघ्र निष्पादन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि लंबित मामलों के निष्पादन में किसी भी पुलिस पदाधिकारी की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अनुसंधानकर्ताओं को समयबद्ध तरीके से जांच पूरी कर मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
एसडीपीओ अमर विश्वास ने वारंटियों एवं नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी अभियान में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया। साथ ही बालू के अवैध कारोबार में संलिप्त माफियाओं के खिलाफ लगातार कार्रवाई करने, शराब तस्करों एवं शराब विक्रेताओं पर कड़ी निगरानी रखने तथा अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने का निर्देश दिया।
उन्होंने बैंक एवं अन्य वित्तीय संस्थानों के आसपास संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रखने, ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित एवं सघन गश्ती बढ़ाने तथा अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस की सक्रियता बनाए रखने की बात कही। एसडीपीओ ने कहा कि आम लोगों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान थाना के अभिलेखों, अपराध नियंत्रण की स्थिति तथा पुलिस कार्यप्रणाली की भी समीक्षा की गई। अंत में एसडीपीओ ने सभी पुलिस अधिकारियों और जवानों को ईमानदारी, तत्परता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहे और जनता की शिकायतों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
.png)




