Left Post

Type Here to Get Search Results !
Responsive Image
LIVE

खुनिया पुल के समीप अधूरी सड़क पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, विभाग के खिलाफ प्रदर्शन

सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर, बांका बिहार

खुनिया पुल के समीप अधूरी सड़क पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, विभाग के खिलाफ प्रदर्शन

बरसात में आवागमन बाधित होने की आशंका, पुलिया व संपर्क पथ का निर्माण शीघ्र पूरा करने की मांग

शंभूगंज प्रखंड की बिरनौधा पंचायत स्थित खुनिया पुल के समीप गिधौड़ा–सगुनी संपर्क पथ की बदहाल स्थिति को लेकर शनिवार को ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। ग्रामीणों ने ग्रामीण कार्य विभाग एवं संवेदक के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए अधूरे पड़े संपर्क पथ और पुलिया निर्माण को जल्द पूरा करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि यदि समय रहते सड़क का निर्माण नहीं कराया गया तो बरसात के दिनों में एक बार फिर हजारों लोगों का आवागमन ठप हो जाएगा।

ग्रामीणों ने बताया कि खुनिया नदी पर लगभग तीन दशक के लंबे इंतजार के बाद ग्रामीण कार्य विभाग द्वारा नाबार्ड योजना के तहत 3.86 करोड़ रुपये की लागत से उच्च स्तरीय पुल का निर्माण कराया गया। पुल का निर्माण करीब तीन वर्ष पूर्व पूरा हो गया, लेकिन पुल से जुड़े लगभग 200 मीटर लंबे गिधौड़ा–सगुनी संपर्क पथ का निर्माण आज तक अधूरा है। इससे पुल का पूरा लाभ ग्रामीणों को नहीं मिल पा रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार, गिधौड़ा बहियार से निकलने वाले पानी की निकासी के लिए पहले से बनी पुलिया जर्जर होकर टूट चुकी थी। आरोप है कि संवेदक ने नई पुलिया बनाने के बजाय टूटे स्थान पर एक पुराना और जर्जर ह्यूम पाइप डालकर ऊपर से चिकनी मिट्टी भर दी। पहली ही बरसात में गंगटी नदी के तेज बहाव से संपर्क मार्ग का लगभग तीन-चौथाई हिस्सा कटकर नदी में समा गया। इसके कारण गिधौड़ा, सगुनी सहित आसपास के गांवों का प्रखंड मुख्यालय से करीब तीन महीने तक संपर्क टूट गया था। लोगों को प्रखंड मुख्यालय पहुंचने के लिए लगभग 12 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ी।

ग्रामीणों का कहना है कि पिछले वर्ष विरोध प्रदर्शन के बाद विभाग ने केवल मिट्टी भरकर खानापूर्ति कर दी, जबकि पिछले माह हुई बारिश के बाद सड़क की मरम्मत के नाम पर सिर्फ चिप्स गिरा दिए गए। अब मानसून की दस्तक के साथ ग्रामीणों में फिर से सड़क कटने और आवागमन बाधित होने की आशंका गहरा गई है।

प्रदर्शन में सगुनी गांव के अखिलेश मिश्र, विजय मिश्र तथा गिधौड़ा गांव के गुड्डू चौहान, बीडीओ पासवान, लटूरी पासवान, भूदेव पासवान, अंकित समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। सभी ने एक स्वर में पुलिया और संपर्क पथ का स्थायी निर्माण कराने की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे मुख्यमंत्री से शिकायत कर आंदोलन को और तेज करेंगे।

इस संबंध में ग्रामीण कार्य विभाग के कनीय अभियंता रवि कुमार ने बताया कि समस्या विभाग के संज्ञान में है तथा इसके समाधान के लिए आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं।



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Design by - Blogger Templates |