सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर, बांका बिहार
रायपुरा के पास सड़क पर बने गड्ढे ने बढ़ाया हादसों का खतरा, बाइक चालक गंभीर घायल
शंभूगंज-असरगंज मुख्य मार्ग पर रायपुरा गांव के समीप सड़क पर बना बड़ा गड्ढा राहगीरों और वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। पिछले करीब एक माह से सड़क पर मौजूद इस गड्ढे के कारण आए दिन छोटे-बड़े हादसे हो रहे हैं, लेकिन अब तक संबंधित विभाग की ओर से इसकी मरम्मत नहीं कराई गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि गड्ढा लगातार बड़ा होता जा रहा है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका और बढ़ गई है।
रविवार को इसी गड्ढे की वजह से एक बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान असरगंज निवासी विभाष साह के रूप में हुई है। बताया जाता है कि विभाष साह असरगंज में कपड़े के व्यवसायी हैं और रविवार को व्यवसाय के सिलसिले में मिर्जापुर जा रहे थे। रायपुरा गांव के समीप पीछे से तेज गति से आ रही एक बोलेरो को रास्ता देने के प्रयास में उनकी बाइक असंतुलित हो गई और सड़क पर बने गड्ढे में फंसकर गिर पड़ी। हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल को सड़क से उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) शंभूगंज पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।
स्थानीय ग्रामीण गोपाल प्रसाद सिंह, विनोद सिंह, विभूति प्रसाद सहित अन्य लोगों ने बताया कि सड़क पर बना गड्ढा पिछले एक महीने से लोगों के लिए मुसीबत बना हुआ है। प्रतिदिन दोपहिया वाहन चालक इसमें फंसकर गिर रहे हैं, जबकि पैदल चलने वालों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि यह गड्ढा अब "मौत का कुआं" बन चुका है और यदि शीघ्र मरम्मत नहीं कराई गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से अविलंब सड़क की मरम्मत कराने तथा इस व्यस्त मार्ग को सुरक्षित बनाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
.png)




