Left Post

Type Here to Get Search Results !
Responsive Image
LIVE

रक्सौल-हल्दिया एक्सप्रेसवे परियोजना को मिली रफ्तार, भूमि अधिग्रहण को लेकर स्थलीय निरीक्षण

 प्रीतम सुमन ,ब्यूरो रिपोर्ट ,बांका (बिहार)

रक्सौल-हल्दिया एक्सप्रेसवे परियोजना को मिली रफ्तार, भूमि अधिग्रहण को लेकर एडीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण

भारत की महत्वाकांक्षी सड़क परियोजनाओं में शामिल रक्सौल-हल्दिया एक्सप्रेसवे के निर्माण कार्य को लेकर बांका जिले में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज हो गई है। इसी क्रम में मंगलवार को अपर समाहर्ता (एडीएम) अजीत कुमार ने अमरपुर प्रखंड के विभिन्न मौजों का स्थलीय निरीक्षण कर भूमि अधिग्रहण की तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए प्रक्रिया को पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर बल दिया।

जानकारी के अनुसार एडीएम ने परनाथपुर, बिदुआ, कजरा, मनसरपुर, विशनपुर, राजपुर सहित अमरपुर प्रखंड के कुल 12 मौजों का निरीक्षण किया। इस दौरान भूमि की स्थिति, सीमांकन, राजस्व अभिलेखों तथा अधिग्रहण से जुड़े तकनीकी पहलुओं की गहन समीक्षा की गई। अधिकारियों की टीम ने प्रभावित ग्रामीणों और भूमि स्वामियों से भी बातचीत कर उनकी समस्याओं, आशंकाओं एवं सुझावों को सुना।

निरीक्षण के दौरान एडीएम अजीत कुमार ने कहा कि रक्सौल-हल्दिया एक्सप्रेसवे परियोजना क्षेत्र के समग्र विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि इस परियोजना के लिए बांका, अमरपुर एवं शंभूगंज प्रखंडों में भूमि अधिग्रहित की जानी है। भूमि अधिग्रहण की सभी प्रक्रियाएं निर्धारित नियमों और पारदर्शी व्यवस्था के तहत पूरी की जाएंगी, ताकि प्रभावित लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की प्राथमिकता है कि भूमि अधिग्रहण का कार्य निष्पक्ष एवं निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा हो, जिससे परियोजना के निर्माण कार्य की शुरुआत जल्द हो सके। एक्सप्रेसवे के निर्माण से क्षेत्र में विकास की नई संभावनाएं खुलेंगी तथा लोगों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध होगी।

निरीक्षण के दौरान जिला भू-अर्जन पदाधिकारी अमरेन्द्र कुमार, अमरपुर सीओ रजनी कुमारी, निबंधन पदाधिकारी मुकेश कुमार सुमन, सीआई राजेश कुमार झा सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने भूमि से संबंधित दस्तावेजों एवं नक्शों का अवलोकन कर आवश्यक जानकारी प्राप्त की। परियोजना को लेकर प्रशासन की सक्रियता से ग्रामीणों में उत्साह का माहौल है। लोगों का मानना है कि एक्सप्रेसवे के निर्माण से सड़क संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी, व्यापार और कृषि को बढ़ावा मिलेगा तथा रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। 

साथ ही बांका जिले की राज्य एवं देश के अन्य हिस्सों से बेहतर कनेक्टिविटी स्थापित होगी। विशेषज्ञों के अनुसार रक्सौल-हल्दिया एक्सप्रेसवे पूर्वी भारत की एक महत्वपूर्ण आधारभूत संरचना परियोजना है, जिससे माल परिवहन की लागत और यात्रा समय दोनों में कमी आएगी। भूमि अधिग्रहण की मौजूदा प्रक्रिया को परियोजना के क्रियान्वयन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Design by - Blogger Templates |