प्रीतम सुमन APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, भागलपुर
जनआक्रोश धरना को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी, राजद कार्यकर्ताओं ने बनाई रणनीति
बांका जिले के अमरपुर प्रखंड के खेमीचक व्यावसायिक परिसर में मंगलवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अमरपुर विधानसभा क्षेत्र के राजद नेता एवं शिक्षाविद् संजय चौहान ने की। बैठक में प्रखंड अध्यक्ष, पंचायत अध्यक्ष, युवा अध्यक्ष समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस दौरान 17 जून को बांका जिला मुख्यालय में आयोजित होने वाले धरना-प्रदर्शन एवं जनआक्रोश कार्यक्रम को सफल और ऐतिहासिक बनाने के लिए विस्तृत रणनीति तैयार की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए संजय चौहान ने कहा कि हाल के दिनों में जिले में कई उच्चस्तरीय जनप्रतिनिधियों और पटना से आए शीर्ष अधिकारियों का दौरा हुआ था, जिससे आम लोगों में विकास और प्रशासनिक सुधार की उम्मीद जगी थी। लोगों को विश्वास था कि भूमि सुधार, निबंधन, राजस्व व्यवस्था तथा प्रशासनिक पारदर्शिता जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर ठोस पहल की जाएगी, लेकिन दौरे के बाद भी जमीनी स्तर पर अपेक्षित बदलाव नहीं दिख रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि अमरपुर सहित जिले के विभिन्न निबंधन और राजस्व कार्यालयों में आम नागरिकों को अपने वैध कार्यों के लिए भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई जगहों पर पारदर्शिता की कमी, बिचौलियों का हस्तक्षेप और अनियमितताओं की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। इसके बावजूद प्रशासन द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं किए जाने से जनता में असंतोष बढ़ता जा रहा है।
श्री चौहान ने कहा कि सरकार और प्रशासन की ओर से बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन उनका प्रभाव धरातल पर नजर नहीं आता। उन्होंने कहा कि सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई और रोजगार जैसी मूलभूत समस्याएं आज भी गंभीर बनी हुई हैं। विकास योजनाओं की घोषणा और उनके वास्तविक क्रियान्वयन के बीच का अंतर ही जनता के आक्रोश का प्रमुख कारण है।
बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि 17 जून को बांका जिला मुख्यालय में आयोजित जनआक्रोश धरना जनता की समस्याओं और अधिकारों की आवाज बुलंद करने का सशक्त मंच बनेगा। इस दौरान सरकार और प्रशासन से जवाबदेही तय करने तथा जनहित से जुड़े मुद्दों के समाधान की मांग उठाई जाएगी।
बैठक के अंत में कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया। संजय चौहान ने कहा कि जनता अब केवल वादों से नहीं, बल्कि ठोस परिणामों से संतुष्ट होगी और यह आंदोलन जनता के अधिकार, सम्मान एवं न्याय की लड़ाई है।
.png)





