सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर, बांका बिहार
500 से अधिक महिलाओं और कन्याओं की भव्य कलश यात्रा से शुरू हुआ श्रीमद्भागवत ज्ञानयज्ञ
बेलारी गांव में नौ दिनों तक गूंजेगी भक्ति की धारा, राष्ट्रीय कथावाचिका श्याम लाडली ऋद्धिमा जी सुनाएंगी कथा
शंभूगंज। प्रखंड क्षेत्र के बेलारी गांव स्थित प्राचीन बाबा केदारनाथ मंदिर प्रांगण में मंगलवार को भव्य कलश शोभायात्रा के साथ नौ दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञानयज्ञ का शुभारंभ हो गया। धार्मिक आस्था और श्रद्धा के इस महाआयोजन को लेकर पूरे गांव का वातावरण भक्तिमय हो उठा है। यह ज्ञानयज्ञ 10 जून 2026 तक चलेगा, जिसमें प्रतिदिन श्रीमद्भागवत कथा का रसपान श्रद्धालुओं को कराया जाएगा।
आयोजन के प्रथम दिन सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटनी शुरू हो गई। विधिवत पूजन-अर्चन के बाद बाबा केदारनाथ मंदिर स्थित पवित्र चंद्रकूप से जल भरकर भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में 500 से अधिक कुमारी कन्याएं एवं महिलाएं सिर पर कलश धारण कर शामिल हुईं। पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं और कन्याओं की कतारें श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत दृश्य प्रस्तुत कर रही थीं।
ढोल-नगाड़ों, शंखध्वनि और भक्ति संगीत के बीच निकली शोभायात्रा में “धर्म की जय हो, अधर्म का नाश हो”, “विश्व का कल्याण हो” जैसे जयघोष लगातार गूंजते रहे। वहीं डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों के बीच युवाओं की टोली उत्साहपूर्वक “जय श्रीराम” के नारे लगाते हुए आगे बढ़ रही थी। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।
कलश यात्रा गांव के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी, जहां जगह-जगह ग्रामीणों ने श्रद्धालुओं का स्वागत किया। कई स्थानों पर लोगों ने पुष्पवर्षा कर तथा पेयजल की व्यवस्था कर कलश यात्रियों का अभिनंदन किया। शोभायात्रा को देखने के लिए मार्ग के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग जुटे रहे। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों में विशेष उत्साह देखा गया।
ग्रामीणों ने बताया कि समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से इस वर्ष श्रीमद्भागवत कथा ज्ञानयज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। कथा वाचन के लिए राष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त कथावाचिका ऋद्धिमा जी (श्याम लाडली) को आमंत्रित किया गया है, जिनके मुखारविंद से श्रद्धालु नौ दिनों तक श्रीमद्भागवत महापुराण की अमृतमयी कथा सुनेंगे।
आयोजकों ने बताया कि कथा के दौरान प्रतिदिन धार्मिक प्रवचन, भजन-कीर्तन एवं अन्य आध्यात्मिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। ज्ञानयज्ञ के शुभारंभ के साथ ही बेलारी गांव पूरी तरह भक्तिमय वातावरण में डूब गया है। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है और पूरे क्षेत्र में धर्म, भक्ति एवं आध्यात्मिक चेतना की अलख जग उठी है।
.png)






