प्रीतम सुमन APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, बांका बिहार
पालतू कुत्ते के हमले का विरोध पड़ा भारी, युवक समेत तीन को लाठी-डंडों से पीटकर किया घायल
बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र के बाजा गांव में पालतू कुत्ते के हमले का विरोध करना एक परिवार को महंगा पड़ गया। आरोप है कि विरोध से नाराज पड़ोसियों ने लाठी-डंडों से हमला कर युवक, उसकी मां और नाबालिग बेटे को गंभीर रूप से घायल कर दिया। तीनों घायलों का उपचार अमरपुर रेफरल अस्पताल में कराया गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और पीड़ित का बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, घायल चंदन कुमार राणा ने बताया कि गुरुवार की रात पड़ोसी अजीत राणा का पालतू कुत्ता उन पर हमला कर दिया था। उन्होंने इसका विरोध किया, जिससे पड़ोसी नाराज हो गए। आरोप है कि शुक्रवार को इसी बात को लेकर अजीत राणा, नागो राणा तथा उनके अन्य परिजनों ने मिलकर लाठी-डंडों से उन पर हमला कर दिया और मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
चंदन कुमार राणा ने बताया कि शोरगुल सुनकर उनकी मां उषा देवी और 15 वर्षीय पुत्र शिवम कुमार बीच-बचाव के लिए पहुंचे, लेकिन आरोपियों ने उन्हें भी नहीं बख्शा और दोनों के साथ भी मारपीट कर घायल कर दिया। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को अमरपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉ. सुलोचना कुमारी ने उनका प्राथमिक उपचार किया।
घटना की सूचना मिलते ही अमरपुर थाना के अपर थानाध्यक्ष सुशील कुमार पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और घायल चंदन कुमार राणा का फर्द बयान दर्ज किया। पुलिस ने बताया कि प्राप्त आवेदन के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुरूप आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद गांव में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बना रहा। पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और दोनों पक्षों से पूछताछ कर घटना की सत्यता की जांच में जुटी है।
.png)




