कुणाल शेखर APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, भागलपुर
सब्जी दुकान में लगी आग, लाखों का सामान जलकर राख, समय रहते टला बड़ा हादसा
भागलपुर जिले के नाथनगर प्रखंड के रामपुरखुर्द पंचायत अंतर्गत कंझिया गांव स्थित हुलाश स्थान के समीप रविवार को एक सब्जी दुकान में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आने से दुकान में रखा सामान जलकर नष्ट हो गया। घटना में दुकानदार को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, कंझिया गांव निवासी पिंकी देवी, पति रंजीत मंडल, कई वर्षों से उक्त स्थान पर सब्जी की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करती हैं। अचानक दुकान में आग लग गई और देखते ही देखते लपटें तेज हो गईं। आग से दुकान में रखी करीब 20 हजार रुपये मूल्य की सब्जियां, कुछ नकद राशि तथा अन्य जरूरी सामान जलकर राख हो गया। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलती चली गई।
इसी दौरान क्षेत्र में गश्ती कर रही डायल 112 पुलिस वाहन की नजर घटना पर पड़ी। पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आग की चपेट में बगल में स्थित एक सैलून की दुकान भी आ गई। यह दुकान पुनीत ठाकुर, पिता स्वर्गीय भैरव ठाकुर, की बताई जाती है। आग लगने से सैलून में रखे उपकरण एवं अन्य सामान जल गए, जिससे लगभग पांच हजार रुपये का नुकसान हुआ।
स्थानीय लोगों ने डायल 112 और अग्निशमन विभाग की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि समय पर आग पर काबू नहीं पाया जाता तो आसपास की कई अन्य दुकानें भी इसकी चपेट में आ सकती थीं। आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
.png)

