सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर, बांका बिहार
मोखार बहियार में मिली रहस्यमयी लाश: गला रेतकर हत्या की आशंका, ‘सुन्नी कुमारी’ नाम का गोदना बना पहचान का सुराग
शंभूगंज थाना क्षेत्र के उत्तरी सीमावर्ती इलाके स्थित मोखार बहियार में सोमवार को एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। बहियार में शव पड़े होने की खबर जंगल में आग की तरह फैल गई और देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद शंभूगंज, बाथ और शाहकुंड थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार मृत महिला की उम्र करीब 30 से 35 वर्ष के बीच है। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि महिला की हत्या किसी धारदार हथियार से गला रेतकर की गई है। शव की स्थिति देखकर आशंका जताई जा रही है कि अपराधियों ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया और पहचान छिपाने की नीयत से शव को बहियार में फेंक दिया।
जांच के दौरान पुलिस को महिला के हाथ पर गोदना से लिखा हुआ सुनी देवी नाम मिला है। फिलहाल यही नाम मृतका की पहचान का सबसे बड़ा सुराग माना जा रहा है। पुलिस आसपास के जिलों और थाना क्षेत्रों में गुमशुदा महिलाओं के रिकॉर्ड भी खंगाल रही है, ताकि शव की शिनाख्त की जा सके।
घटना के बाद कुछ समय तक तीनों थानों की पुलिस सीमा विवाद में उलझी रही। चूंकि घटनास्थल शंभूगंज, बाथ और शाहकुंड थाना क्षेत्र की सीमाओं के समीप स्थित है, इसलिए क्षेत्राधिकार को लेकर असमंजस की स्थिति बनी रही। घंटों तक चली पड़ताल के बाद यह स्पष्ट हुआ कि घटनास्थल बाथ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। इसके बाद बाथ थाना पुलिस ने मामले की कमान संभालते हुए जांच को आगे बढ़ाया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने डॉग स्क्वायड की सहायता ली। साथ ही फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण नमूने एकत्र किए हैं, जिनकी जांच से हत्या की गुत्थी सुलझने की उम्मीद जताई जा रही है।
घटना को लेकर पूरे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। ग्रामीणों के बीच भय और उत्सुकता दोनों का माहौल है। समाचार लिखे जाने तक महिला की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस का कहना है कि शव की शिनाख्त और वैज्ञानिक जांच रिपोर्ट के आधार पर जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच में जुटी हुई है।
.png)






