प्रीतम सुमन APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, बांका बिहार
बाबा सोनमन नाथ महादेव मंदिर में चोरी, ग्रामीणों में आक्रोश
बांका जिले के अमरपुर प्रखंड में मंदिरों में हो रही चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला विश्वम्भरचक गांव के समीप स्थित बाबा सोनमन नाथ महादेव मंदिर का है, जहां शनिवार देर रात अज्ञात चोरों ने शिवलिंग के समीप रखी अष्टधातु निर्मित तांबे की नाग प्रतिमा एवं पीतल का कलश चोरी कर लिया। घटना की जानकारी रविवार सुबह उस समय हुई जब श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे।
चोरी की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर में जुट गए। मौके पर पहुंचे भावी जिला परिषद प्रत्याशी एवं युवा समाजसेवी धीरेन्द्र शेखर भारती उर्फ धीरू यादव ने बताया कि दो माह पूर्व भी इसी मंदिर से कलश और कांसे की घंटी की चोरी हुई थी। उस समय थाना में लिखित शिकायत भी दी गई थी, लेकिन अब तक चोरों का कोई सुराग नहीं मिल सका है।
ग्रामीणों का कहना है कि प्रखंड में सूखे नशे का प्रचलन तेजी से बढ़ रहा है और इसकी चपेट में आए कुछ युवक ऐसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। लोगों ने पुलिस प्रशासन से नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाने तथा मंदिर चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा करने की मांग की है।
घटना की सूचना पर सहायक अवर निरीक्षक बसंत कुमार पांडे मंदिर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। उल्लेखनीय है कि इससे पहले फतेहपुर स्थित मां दक्षिणेश्वर काली मंदिर, बेला के नौलखा मंदिर, बाबा पनियानाथ महादेव मंदिर, मेढ़ियानाथ महादेव मंदिर समेत कई धार्मिक स्थलों पर भी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। लगातार हो रही इन वारदातों से श्रद्धालुओं और ग्रामीणों में पुलिस की कार्यशैली को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है।
.png)



