प्रीतम सुमन APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, बांका बिहार
87 लीटर महुआ शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार, बाइक जब्त
अमरपुर में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अमरपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थानाध्यक्ष राकेश कुमार के नेतृत्व में की गई छापेमारी और वाहन जांच अभियान के दौरान 87 लीटर देशी महुआ शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मौके से शराब ढोने में प्रयुक्त बाइक भी जब्त कर ली है।
थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि कटोरिया मुख्य ग्रामीण सड़क मार्ग से एक व्यक्ति भारी मात्रा में देशी महुआ शराब लेकर गुजरने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई और कटोरिया ग्रामीण सड़क पर वाहन जांच अभियान शुरू किया गया। जांच के दौरान एक बाइक सवार पुलिस वाहन को देखकर संदिग्ध तरीके से तेजी से भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा किया और कुछ दूरी पर उसे पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान उसकी पहचान धन्नीचक गांव निवासी रूपेश यादव के रूप में हुई।
बाइक की तलाशी लेने पर उस पर बंधी प्लास्टिक की बोरी से अलग-अलग पॉलीथीन में पैक कुल 87 लीटर देशी महुआ शराब बरामद की गई। बरामदगी के बाद पुलिस ने शराब को जब्त कर लिया तथा तस्कर को गिरफ्तार कर थाना लाया गया।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। उसे न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए भेजा जा रहा है।
इस अभियान में पीटीसी राकेश कुमार सहित अन्य पुलिस जवान भी शामिल थे। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों के बीच हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
.png)


