प्रीतम सुमन APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, बांका बिहार
मोदी के 4399 दिनों के नेतृत्व पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने की विशेष पूजा, देश को विकास की नई दिशा मिली : डॉ. मृणाल शेखर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार 4399 दिनों तक देश का नेतृत्व करने की ऐतिहासिक उपलब्धि के उपलक्ष्य में बुधवार को अमरपुर स्थित मां काली मंदिर परिसर में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी डॉ. मृणाल शेखर ने किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं सफल नेतृत्व की कामना करते हुए विधिवत पूजा संपन्न कराई गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. मृणाल शेखर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि बीते वर्षों में देश ने विकास, सुशासन, आधारभूत संरचना, जनकल्याण योजनाओं तथा राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। लगातार 4399 दिनों तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में देश की सेवा करना अपने आप में एक नया कीर्तिमान है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी केवल एक प्रशासक नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों के विश्वास और आकांक्षाओं के प्रतीक बन चुके हैं। उनकी दूरदर्शी सोच, मजबूत नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रहित में लिए गए निर्णयों ने भारत को विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ाया है। डॉ. शेखर ने इस उपलब्धि को देश की 145 करोड़ जनता के विश्वास और समर्थन का परिणाम बताया।
इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व की सराहना करते हुए उनके लंबे एवं सफल जीवन की कामना की। कार्यक्रम में प्रदीप सौंडिक, मृत्युंजय शर्मा, रितेश रमण, रुबेश कुँवर, संजीव घोष, शशिधर साह, उदय शर्मा, वीरेंद्र यादव, विपिन ठाकुर, सुब्बू भगत, सुभाष साह, गोपाल साह, दीपक साह, अभिलाष कुमार, लल्ला कुमार, रेणु देवी, कुमकुम देवी, ब्यूटी कुमारी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
.png)



