सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर, बांका बिहार
पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने निकली जागरूकता रैली, 28 जून से 2 जुलाई तक चलेगा विशेष अभियान
बांका जिले में 28 जून से 2 जुलाई तक चलने वाले पल्स पोलियो अभियान की सफलता सुनिश्चित करने के लिए शंभूगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की ओर से शनिवार को स्कूली बच्चों के साथ भव्य जागरूकता रैली निकाली गई। रैली का नेतृत्व प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजेश शर्मा एवं स्वास्थ्य प्रबंधक अमित कुमार पंकज ने किया। रैली में शामिल बच्चों ने हाथों में जागरूकता संबंधी तख्तियां लेकर लोगों को पोलियो की दो बूंद दवा पिलाने के लिए प्रेरित किया।
रैली के दौरान चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजेश शर्मा ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जन्म से लेकर पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की दो बूंद दवा अवश्य पिलाएं। उन्होंने कहा कि पोलियो उन्मूलन अभियान तभी सफल होगा, जब कोई भी बच्चा दवा पीने से वंचित नहीं रहेगा। यदि एक भी बच्चा छूट गया तो पोलियो से सुरक्षा का चक्र कमजोर पड़ सकता है। इसलिए सभी अभिभावकों की जिम्मेदारी है कि वे अपने बच्चों को निर्धारित तिथि पर पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं।
स्वास्थ्य प्रबंधक अमित कुमार पंकज ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारी की गई है। इसके तहत लगभग छह दर्जन टीमें गठित की गई हैं, जो घर-घर जाकर पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगी।
वहीं, पांच सुपरवाइजरों की निगरानी में विभिन्न बूथों और निर्धारित डिपो पर भी बच्चों को दवा पिलाने की व्यवस्था की गई है। अभियान के दौरान कोई भी बच्चा छूटे नहीं, इसके लिए स्वास्थ्य कर्मियों को विशेष दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
अस्पताल प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे अभियान में सहयोग करें और अपने आसपास के सभी छोटे बच्चों को पोलियो की दवा अवश्य पिलवाएं।
स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य शत-प्रतिशत बच्चों तक पहुंचकर पोलियो मुक्त समाज के संकल्प को मजबूत करना है।
.png)






