प्रीतम सुमन APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, बांका बिहार
गरम पानी से झुलसा 20 माह का मासूम, गंभीर हालत में मायागंज रेफर
अमरपुर में दर्दनाक हादसा, खेल-खेल में उबलता पानी गिरने से 21 प्रतिशत तक झुलसा बच्चा
बांका जिले के अमरपुर नगर पंचायत के वार्ड संख्या-11 स्थित विदनचक मोहल्ले में गुरुवार को गरम पानी से झुलसकर 20 माह के एक मासूम की हालत गंभीर हो गई। घटना के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई और बच्चे को तत्काल उपचार के लिए अमरपुर रेफरल अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विदनचक निवासी गुंजन मंडल के 20 माह के पुत्र सोम कुमार घर में खेल रहा था। इसी दौरान उसकी मां ने घरेलू कार्य के लिए पानी गरम कर एक टेबल पर रखा था। परिजनों के मुताबिक दोपहर में अचानक मासूम पानी पीने के लिए टेबल पर चढ़ गया। इसी क्रम में पतीले में रखा उबलता पानी उसके ऊपर गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया।
घटना के बाद परिजनों ने आनन-फानन में बच्चे को रेफरल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में मौजूद चिकित्सक डॉ. अमित कुमार शर्मा ने मासूम का प्राथमिक उपचार किया। जांच के दौरान पाया गया कि बच्चा करीब 21 प्रतिशत तक झुलस चुका है।
डॉ. शर्मा ने बताया कि बच्चे की स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल (मायागंज), भागलपुर रेफर किया गया है।
घटना के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने भी मासूम के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। चिकित्सकों ने अभिभावकों से घर में गरम पानी, आग और अन्य खतरनाक वस्तुओं को बच्चों की पहुंच से दूर रखने की अपील की है, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
.png)




