सुबोध सिंह APP न्यूज़ क्राइम रिपोर्टर ,बांका बिहार
जनसमस्याओं को लेकर राजद का धरना-प्रदर्शन, 17 जून को बांका चलो का आह्वान
राष्ट्रीय जनता दल द्वारा मंगलवार को अमरपुर विधानसभा क्षेत्र के अमरपुर एवं शंभूगंज प्रखंड मुख्यालयों में जनसमस्याओं को लेकर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, चरमराई विधि-व्यवस्था, किसानों की समस्याओं तथा विकास योजनाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठाई गई। धरना-प्रदर्शन का नेतृत्व वरिष्ठ राजद नेता एवं अमरपुर विधानसभा के संभावित उम्मीदवार सह शिक्षाविद् संजय चौहान ने किया।
धरना को संबोधित करते हुए संजय चौहान ने कहा कि अमरपुर विधानसभा क्षेत्र आज भ्रष्टाचार, दलाली और प्रशासनिक अव्यवस्था की गंभीर समस्या से जूझ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी अस्पतालों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के बजाय चिकित्सा व्यवस्था में बिचौलियों और दलालों का बोलबाला है, जिससे गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों को समुचित इलाज नहीं मिल पा रहा है।
उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों में सड़कें जर्जर स्थिति में हैं तथा पुल-पुलियों की हालत भी चिंताजनक बनी हुई है। इसके बावजूद जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की ओर से कोई प्रभावी पहल नहीं की जा रही है। उन्होंने विकास योजनाओं में कमीशनखोरी और अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए कहा कि ठेकेदारों और अधिकारियों की मिलीभगत से सरकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक नहीं पहुंच पा रहा है।
संजय चौहान ने प्रखंड, अंचल और थाना स्तर पर आम जनता को होने वाली परेशानियों का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि जन्म प्रमाण पत्र, मृत्यु प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र, भूमि संबंधी मामलों सहित विभिन्न सरकारी सेवाओं के लिए लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। जनता पारदर्शी, जवाबदेह और भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था चाहती है।
उन्होंने कहा कि अमरपुर विधानसभा की जनता अब अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो चुकी है और अन्याय व भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष जारी रहेगा। साथ ही उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों से 17 जून को बांका जिला मुख्यालय में आयोजित जिला स्तरीय धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में भाग लेने की अपील की।
शंभूगंज में आयोजित कार्यक्रम में बिपिन यादव, शैलेश कुमार, मृत्युंजय सिंह, सत्येंद्र सिंह, अजय सिंह, भैरो सिंह, प्रवीण सिंह, जनक सिंह एवं हरिकिशोर यादव सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। वहीं अमरपुर में जिला अध्यक्ष अर्जुन ठाकुर, रंजीत यादव, संजय यादव, बबीता यादव सहित बड़ी संख्या में राजद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
.png)



