कुणाल शेखर APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, भागलपुर
गड्ढे के पानी में डूबने से मासूम की मौत, परिजनों में मचा कोहराम
भागलपुर नवगछिया के गोपालपुर थाना क्षेत्र स्थित मुस्लिम टोला में रविवार को दर्दनाक हादसे में एक मासूम बच्चे की मौत हो गई। चिमनी भट्ठा के समीप पानी भरे गड्ढे में डूबने से सात वर्षीय बच्चे की जान चली गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
मृतक की पहचान मोहम्मद अशफाक के सात वर्षीय पुत्र मोहम्मद हैदर उर्फ रोहित अली के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार बच्चा घर से कुछ दूरी पर बकरी चराने गया था। इसी दौरान खेलते-खेलते वह पानी से भरे गहरे गड्ढे में चला गया और डूब गया। आसपास मौजूद लोगों की नजर जब बच्चे पर पड़ी तो उसे तत्काल गड्ढे से बाहर निकाला गया। आनन-फानन में परिजन और ग्रामीण उसे इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गोपालपुर लेकर पहुंचे।
अस्पताल में मौजूद चिकित्सा प्रभारी डॉ. सुधांशु कुमार ने जांच के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही गोपालपुर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची। दरोगा रसनदेव पासवान एवं अक्षय पराशर ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल भेज दिया।
घटना के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। मृतक की मां पिंकी खातून खेत में काम करने गई थीं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही वह अस्पताल पहुंचीं और दहाड़ मारकर रोने लगीं। ग्रामीण मोहम्मद इस्माइल, मोहम्मद सदीक सहित अन्य लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
.png)




