सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर, बांका बिहार
मंत्री बनने के बाद पहली बार तिलडीहा दुर्गा मंदिर पहुंचे पथ निर्माण मंत्री, कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत
बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेंद्र शनिवार को मंत्री बनने के बाद पहली बार शंभूगंज स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ तिलडीहा दुर्गा मंदिर पहुंचे। मंत्री के आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखा गया। मंदिर परिसर पहुंचते ही समर्थकों ने फूल-मालाओं के साथ उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय एवं उत्साहपूर्ण हो उठा।
मंदिर पहुंचने पर मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेंद्र को मंदिर के पुजारी आचार्य श्याम जी द्वारा गर्भगृह में ले जाकर विधिवत पूजा-अर्चना कराई गई। इस दौरान मंत्री ने मां दुर्गा से राज्य एवं देश में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। पूजा के बाद उन्होंने मंदिर परिसर का भ्रमण किया तथा तिलडीहा दुर्गा मंदिर की ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्ता की जानकारी प्राप्त की।
मंत्री ने मंदिर परिसर एवं आसपास हो रहे विकास कार्यों का भी जायजा लिया। विशेष रूप से मंदिर से सटे निर्माणाधीन रिवर फ्रंट को देखकर उन्होंने इसकी सराहना की और कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों के विकास से स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे और क्षेत्र की पहचान राज्य स्तर पर और मजबूत होगी।
इस अवसर पर कुमार प्रणय, पूरनलाल टुडू, मनोज मिश्रा सहित कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे। सभी ने मंत्री का स्वागत करते हुए क्षेत्र के विकास से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और मांगों को भी उनके समक्ष रखा।
मंत्री के आगमन को लेकर तिलडीहा मंदिर परिसर में सुरक्षा एवं व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए थे। बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं ने मंत्री से मुलाकात कर क्षेत्र के विकास को लेकर उम्मीद जताई। मंत्री ने भी लोगों को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास और सड़क नेटवर्क को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
.png)




