प्रीतम सुमन APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, बांका बिहार
सिमरपुर में एमएलसी लालमोहन गुप्ता का भव्य स्वागत, ग्रामीणों ने उठाई आरक्षण और विकास की मांग
बांका जिले के अमरपुर प्रखंड अंतर्गत फतेहपुर पंचायत के सिमरपुर गांव में शनिवार को उस समय उत्साह का माहौल बन गया, जब बिहार विधान परिषद सदस्य लालमोहन गुप्ता बौंसी जाने के क्रम में गांव पहुंचे। गांव पहुंचते ही युवा समाजसेवी सह बिहार पान कॉर्डिनेशन कमिटी के युवा जिलाध्यक्ष युगल किशोर शर्मा के नेतृत्व में ग्रामीणों ने उनका भव्य स्वागत किया। लोगों ने फूल-मालाएं पहनाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर एमएलसी को सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और उन्होंने गांव की विभिन्न समस्याओं को एमएलसी के समक्ष रखा। ग्रामीणों ने क्षेत्र में व्याप्त पेयजल संकट, जर्जर सड़क, शिक्षा व्यवस्था और स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। वहीं पान समुदाय के लोगों ने आरक्षण से जुड़े सवालों को जोरदार तरीके से सामने रखा। ग्रामीणों ने कहा कि बिहार में पान समुदाय की बड़ी आबादी होने के बावजूद उन्हें अब तक आरक्षण का समुचित लाभ नहीं मिल पाया है।
इस अवसर पर युगल किशोर शर्मा ने कहा कि एमएलसी का सिमरपुर आगमन पान समाज के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि पान समुदाय आज भी सामाजिक एवं आर्थिक रूप से पिछड़ा हुआ है और समाज को उसका अधिकार दिलाने के लिए सरकार तक आवाज पहुंचाना जरूरी है। उन्होंने गांव में पेयजल संकट, सड़क और युवाओं के रोजगार की समस्या पर भी चिंता जताई।
एमएलसी लालमोहन गुप्ता ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि पान समुदाय की मांगों एवं आरक्षण से जुड़े मुद्दों को सरकार तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही गांवों में पेयजल, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए संबंधित विभागों से बात करने का आश्वासन दिया।
मौके पर घनश्याम तांती, वासुदेव तांती, महेंद्र तांती, भागीरथ तांती, अर्जुन तांती, प्रमोद तांती, बलराम तांती, पुरन तांती, मनीष कुमार, सुनील दास सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।
.png)




