कुणाल शेखर APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, भागलपुर
नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई, पंचतत्व में विलीन हुए चेयरमैन राजकुमार गुड्डू
भागलपुर जिले के सुल्तानगंज नगर परिषद के लोकप्रिय चेयरमैन राजकुमार गुड्डू का 12 दिनों तक चले इलाज के बाद शनिवार को पटना में निधन हो गया। उनके निधन की खबर फैलते ही सुल्तानगंज शहर में शोक की लहर दौड़ गई। रविवार सुबह हिंदू रीति-रिवाज के साथ उनकी अंतिम यात्रा सुल्तानगंज बाजार स्थित पैतृक आवास से निकाली गई, जिसमें हजारों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
सुबह से ही उनके आवास पर अंतिम दर्शन के लिए लोगों का तांता लगा रहा। जैसे ही पार्थिव शरीर को अंतिम यात्रा के लिए बाहर लाया गया, माहौल गमगीन हो उठा। हर आंख नम थी और लोग अपने प्रिय जनप्रतिनिधि को अंतिम विदाई देने पहुंचे थे। अंतिम यात्रा में स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, व्यापारी, वार्ड पार्षद, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता तथा आम नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए।
अंतिम यात्रा की शुरुआत उनके आवास के समीप स्थित संत संग मंदिर से हुई। इसके बाद पार्थिव शरीर को चौक बाजार स्थित उनकी मिठाई दुकान तथा सब्जी मंडी बाजार ले जाया गया, जहां लोगों ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। हजारों लोगों ने कंधा देकर अंतिम यात्रा को आगे बढ़ाया। यात्रा के दौरान “राजकुमार गुड्डू अमर रहें” और “भारत माता की जय” के नारों से पूरा शहर गूंज उठा।
सुल्तानगंज बाजार के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए अंतिम यात्रा नमामि गंगे घाट स्थित मुक्तिधाम पहुंची। रास्ते में जगह-जगह लोगों ने फूल बरसाकर श्रद्धांजलि दी। कई लोग अपने घरों और दुकानों के बाहर खड़े होकर नम आंखों से अंतिम दर्शन करते नजर आए। विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखा। सुल्तानगंज इंस्पेक्टर मृत्युंजय कुमार, प्रशिक्षु एएसपी सायम रजा समेत कई पुलिस पदाधिकारी एवं भारी संख्या में पुलिस बल तैनात थे। सुरक्षा व्यवस्था के बीच अंतिम यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
नमामि गंगे घाट स्थित मुक्तिधाम में चेयरमैन राजकुमार गुड्डू के बड़े पुत्र राजवीर कुमार ने मुखाग्नि देकर उन्हें अंतिम विदाई दी। इस अवसर पर अजगैविनाथ मंदिर के महंत प्रेमानंद गिरी, पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष टुनटुन साह, आत्मा दास ठाकुरबाड़ी के महंत अनुज मुनि, बीडीओ संजीव कुमार, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि एवं शहर के हजारों लोग मौजूद रहे। पूरे शहर में शोक और भावुकता का माहौल बना रहा।
.png)

