Left Post

Type Here to Get Search Results !
Responsive Image
LIVE

ब्रेकिंग न्यूज : करंट लगने से जख्मी युवक का इलाज के क्रम में अस्पताल में हुई मौत

सुबोध सिंह APP न्यूज क्राइम रिपोर्टर, बांका बिहार 

बिजली करंट से जख्मी युवक की मायागंज में मौत, गांव में पसरा मातम

शंभूगंज प्रखंड क्षेत्र के महथूडीह गांव में बिजली करंट से गंभीर रूप से जख्मी युवक की भागलपुर स्थित मायागंज अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

मृतक की पहचान महथूडीह गांव निवासी मो. इस्लाम के 35 वर्षीय पुत्र मो. वजीर आलम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वजीर आलम रोजी-रोटी कमाने के लिए बाहर रहकर काम करता था। बकरीद पर्व को लेकर वह पांच दिन पूर्व ही अपने घर आया था।

परिजनों ने बताया कि शुक्रवार को घर में बिजली आपूर्ति बाधित थी। इसी दौरान वजीर खुद बिजली तार ठीक करने लगा। बिजली तार को दांत से खुरचकर साफ करने के दौरान अचानक बिजली प्रवाहित हो गई, जिससे उसे जोरदार करंट लग गया। करंट लगते ही वह जमीन पर गिरकर अचेत हो गया। घटना के बाद स्वजन घबराकर उसे आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शंभूगंज लेकर पहुंचे।

सीएचसी में तैनात चिकित्सक डॉ. अजय शर्मा ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। रविवार की शाम जब युवक का शव गांव पहुंचा तो परिजनों के चीत्कार से माहौल गमगीन हो उठा।

मृतक की पत्नी सलमा बार-बार बेसुध होकर अपने चार बच्चों के भविष्य की चिंता जताती रही। वह रोते हुए कह रही थी कि अब परिवार का भरण-पोषण कैसे होगा। पिता मो. इस्लाम और अन्य परिजनों का भी रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोगों ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया तथा प्रशासन से आर्थिक सहायता देने की मांग की है।



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
Design by - Blogger Templates |