कुणाल शेखर APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, भागलपुर
अवैध संबंध और पैसों के विवाद में युवक की हत्या, 48 घंटे में नवगछिया पुलिस ने सुलझाया मामला
भागलपुर के नवगछिया थाना क्षेत्र स्थित स्टेशन रोड नयाटोला में युवक की हत्या मामले का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस जांच में अवैध संबंध, पैसों का लेन-देन और लगातार दबाव बनाए जाने को हत्या की मुख्य वजह बताया गया है।
जानकारी के अनुसार 15 मई को स्टेशन रोड नयाटोला के समीप एक युवक का शव बरामद हुआ था। सूचना मिलते ही नवगछिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतक की पहचान झंडापुर थाना क्षेत्र के खैरडीह निवासी मधुसूदन सिंह उर्फ महेश्वर सिंह के रूप में हुई। मृतक की पत्नी के आवेदन पर नवगछिया थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई, जिसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मानव सूचना के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान पुलिस ने महिला आरोपी काजल कुमारी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में महिला ने कई अहम खुलासे किए। पुलिस के अनुसार महिला ने स्वीकार किया कि उसका मृतक के साथ अवैध संबंध था। मृतक लगातार उससे रुपये की मांग कर रहा था और मिलने-जुलने का दबाव बना रहा था।
इसी से परेशान होकर महिला ने अपने पति बृजेश कुमार और भाई गुड्डू कुमार के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। पूर्व नियोजित योजना के तहत युवक को बुलाया गया और उसकी हत्या कर शव को स्टेशन रोड नयाटोला के पास फेंक दिया गया, ताकि मामला दुर्घटना जैसा प्रतीत हो। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और स्कॉर्पियो वाहन भी बरामद कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
.png)


