प्रीतम सुमन APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट, बांका बिहार
संपत्ति विवाद में दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष, महिला समेत चार घायल
बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र के केन्दूआर गांव में पैतृक संपत्ति विवाद को लेकर शुक्रवार देर रात दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। घटना में एक महिला समेत चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अमरपुर रेफरल अस्पताल लाया गया, जहां डॉ. पंकज कुमार ने प्राथमिक उपचार किया। गंभीर रूप से घायल राजा दास को बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल भागलपुर रेफर कर दिया गया।
घायलों में प्रथम पक्ष के राकेश दास और उनकी पत्नी शीला कुमारी तथा दूसरे पक्ष के रितिक दास एवं राजा दास शामिल हैं। प्रथम पक्ष के राकेश दास ने बताया कि वह शुक्रवार देर रात अपनी पत्नी के साथ भागलपुर से घर लौटे तो देखा कि रितिक और राजा उनके घर में चोरी की नीयत से छिपे हुए थे। विरोध करने पर दोनों ने लाठी-डंडे से हमला कर उन्हें और उनकी पत्नी को घायल कर दिया।
वहीं दूसरे पक्ष की ओर से राजा दास की मां ने आरोप लगाया कि पैतृक संपत्ति के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। समझौते की बातचीत के दौरान राकेश दास ने गाली-गलौज करते हुए लोहे की सरिया से हमला कर उनके पुत्रों को घायल कर दिया। घटना को लेकर दोनों पक्षों ने अमरपुर थाना में लिखित शिकायत देने की बात कही है।
.png)



