प्रीतम सुमन APP न्यूज ब्यूरो रिपोर्ट ,बांका बिहार
तेज रफ्तार बाइक का कहर, वृद्ध समेत तीन जख्मी, दो की हालत गंभीर होने पर मायागंज रेफर
बांका जिले के अमरपुर प्रखंड के इंगलिशमोड़-पुनसिया मुख्य पथ पर शुक्रवार की संध्या सड़क हादसे में एक वृद्ध समेत बाइक सवार दो युवक जख्मी हो गए। घटना मादाचक गांव के समीप हुई, जहां अनियंत्रित बाइक ने घर के बाहर खड़े एक वृद्ध को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार संध्या गश्ती पर निकली पुलिस टीम के सहायक अवर निरीक्षक बसंत कुमार पांडे ने तत्परता दिखाते हुए तीनों घायलों को पुलिस वाहन से अमरपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टर अमित कुमार शर्मा ने प्राथमिक उपचार किया। घायलों की पहचान मादाचक गांव निवासी सिकंदर यादव, धौरैया थाना क्षेत्र के खैरा गांव निवासी बाइक चालक सुनील चौधरी तथा मु. जमशेद के रूप में हुई है।
डॉक्टरों ने सिकंदर यादव एवं बाइक चालक सुनील चौधरी की हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया। बताया गया कि दोनों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं।
घायल वृद्ध सिकंदर यादव ने बताया कि वह शुक्रवार की शाम अपने दरवाजे पर खड़े थे। इसी दौरान इंगलिशमोड़ से जैठोर पुल की ओर जा रही तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर उन्हें टक्कर मार दी। घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
.png)



